फिटनेस के लिए दौड़ेंगे फरीदाबाद के लोग, संग्राम सिंह ने हाफ मैराथन में भागीदारी का किया आह्वान
फरीदाबाद | हरियाणा सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रम ‘हरियाणा उदय’ के अंतर्गत जिला प्रशासन, फरीदाबाद द्वारा आगामी 27 सितम्बर, 2026 को सूरजकुंड मेला ग्राउंड, फरीदाबाद में फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। मैराथन के प्रचार-प्रसार एवं नागरिकों को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से देश के प्रख्यात अंतर्राष्ट्रीय पहलवान संग्राम सिंह ने अपना वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने फरीदाबाद सहित समस्त प्रदेशवासियों से इस जन-अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।
अपने संदेश में संग्राम सिंह ने कहा कि, “यह संसार तब तक चलेगा, जब तक आपका शरीर चलेगा और आपका शरीर तभी तक चलेगा, जब तक आप शरीर के मित्र बनकर रहेंगे और नशे से दूर रहेंगे।” उन्होंने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन का उद्देश्य केवल दौड़ना नहीं, बल्कि नशे को दूर भगाना और उत्तम स्वास्थ्य को अपनाना है। उन्होंने नागरिकों से फिटनेस को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील करते हुए कहा, “फिट है इंडिया तो हिट है इंडिया।”
जिला प्रशासन ने नागरिकों, युवाओं, खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न संस्थानों से अपील की है कि वे फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली, नशामुक्ति और जन-जागरूकता के इस अभियान को सफल बनाएं।
