जिला कोषाधिकारी संजय फोगाट ने जिलाभर के पेंशनभोगियों से किया आह्वान
झज्जर, 06 नवंबर।
जिलाभर के ऐसे पेंशनभोगी जो जिला खजाना कार्यालय से पेंशन प्राप्त कर रहे हैं। वे स्मार्टफोन के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा का उपयोग कर अपना डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करवा सकते हैं। यह आह्वान जिला खजाना अधिकारी संजय फोगाट ने पेंशनभोगियों से किया है।
उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए इस संबंध में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य जीवन प्रमाण-पत्र जमा करवाने की प्रक्रिया को सरल, सुविधाजनक और परेशानी रहित बनाना है। डीटीओ ने बताया कि जिला के सभी सहायक कोषाधिकारियों और पेंशन संबंधी कार्य करने वाले कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे पेंशनभोगियों को फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा के बारे में जागरूक करें और डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार करने व जमा करवाने में उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा से पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण-पत्र जमा करवाने में काफी सहूलियत मिलेगी। इससे उन्हें इस कार्य के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
पेंशनभोगियों से अभियान में भागीदारी की अपील
डीटीओ संजय फोगाट ने सभी पेंशनभोगियों से अपील की कि वे इस अभियान का लाभ उठाते हुए अपने स्मार्टफोन के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा अपनाएं और डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करवाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी अधिक से अधिक पेंशन भोगियों तक इस सुविधा की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि अभियान का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच सके।
