जिले में पैमाइश के लंबित मामलों का जल्द होगा निपटारा: डीआरओ

 
जिले में पैमाइश के लंबित मामलों का जल्द होगा निपटारा: डीआरओ

प्रत्येक कानूनगो को कम से कम 15 पैमाइश समयबद्ध तरीके से करवाने का दिया लक्ष्य

डीआरओ राजकुमार भौरिया ने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश

भिवानी, 03 नवंबर।

डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में लघु सचिवालय स्थित जिला राजस्व अधिकारी कार्यालय में लंबित पैमाइश मामलों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार भौरिया ने पैमाइश से संबंधित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और लंबित मामलों की स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी पैमाइश से संबंधित सभी मामले शीघ्र निपटाए जाएं। उन्होंने प्रत्येक कानूनगो को कम से कम 15 पैमाइश समयबद्ध तरीके से करवाने का लक्ष्य दिया।
उन्होंने जिले के सभी तहसीलों के तहसीलदारों को भी निर्देश दिए कि पैमाइश से संबंधित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान किया जाए। विशेष रूप से लंबे समय से लंबित पड़ी पैमाइश के मामलों में तेजी लाई जाए और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से इनका जल्द निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा आमजन को समय पर सेवाएं उपलब्ध करवाना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी कानूनगो को निर्देश दिए कि पैमाइश समयबद्ध तरीके से करवाना सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को अपने भूमि संबंधी मामलों के निपटारे के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पैमाइश से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान तहसीलदार व कानूनगो मौजूद रहे।