पानीपत बार चुनाव- महिला प्रत्याशी का नामाकंन रद्द:एफिडेविट जमा नहीं करने पर हुईं बाहर; उपप्रधान की दौड़ में अब 2 बचे

 
पानीपत बार चुनाव- महिला प्रत्याशी का नामाकंन रद्द:एफिडेविट जमा नहीं करने पर हुईं बाहर; उपप्रधान की दौड़ में अब 2 बचे

 

पानीपत जिला बार एसोसिएशन के चुनावों से जुड़ी एक बड़ी और अहम खबर सामने आई है। उपप्रधान पद की दौड़ में मजबूत दावेदार के रूप में उभरीं महिला एडवोकेट मंजू का नामांकन (नॉमिनेशन) रद्द कर दिया गया है। पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल ने मंजू के वोट को अमान्य करार देते हुए उनके चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी है। वोटर एफिडेविट जमा न कराने की वजह से नामांकन रद्द किया गया है।

इस बार में मंजू का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया। जिस पर उनके साथी सीनियर वकील ने बात करते हुए कहा कि हमने गुरुवार को पंजाब-हरियाणा बार काउंसिल पहुंचकर अपनी एक अर्जी लगाई। जिसमें पानीपत बार की ओर से जमा करवाए गए उम्मीदवार के दस्तावेज चेक करवाने की बात थी।

हमारी अर्जी पर सुनवाई करते हुए हमें वीडियोग्राफी दिखाई गई। जिसमें पाया गया कि हमारा एफिडेविट पानीपत बार ने जमा करवाया हुआ है। इसके बाद मेल के जरिए ये जानकारी पानीपत चुनाव अधिकारी को भेज दी गई है।

बार काउंसिल के आदेश पर कार्रवाई

पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के दिशानिर्देशों के अनुसार, एडवोकेट मंजू के इलेक्शन वोटर एफिडेविट, बार काउंसिल में उपलब्ध नहीं पाया गया। जिसकी कमी और सभी कानूनी बिंदुओं पर विचार-विमर्श करने के बाद गुरुवार को बार काउंसिल ने उनका नामांकन निरस्त करने का फैसला सुनाया।

नामांकन रद्द होने के बाद अब ये प्रत्याशी मैदान में

  • प्रधान पद: वीरेंद्र मलिक, जितेंद्र कुंडू, रजनीश त्रेहन व सुनील शर्मा
  • उपप्रधान पद: महिला प्रत्याशी- मोनिका कक्कड़, नीलम कंदौल।
  • उपप्रधान: पुरुष प्रत्याशी- सुमित आर्य, मुकेश शर्मा, पवन सब्रवाल।
  • सचिव पद: प्रतीक दूहन, अंकुश धमीजा, रवीश कुमार कांगड़ा।
  • सह-सचिव पद (केवल महिलाओं के लिए आरक्षित): प्रियंका तंवर, अर्पिता सिंगला, काजोल।
  • कैशियर पद: संदीप खर्ब, रमन चेची।

चुनाव अधिकारी बोलें- आदेशों की प्रति बार काउंसिल को भेजी गई

इस फैसले पर जानकारी देते हुए जिला बार चुनाव अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता कर्ण सिंह पानू ने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के आधिकारिक आदेशों के तहत ही यह कदम उठाया गया है। आदेशों की प्रति बार काउंसिल के साथ-साथ संबंधित एडवोकेट मंजू को भी भेज दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी चुनाव प्रक्रिया के दौरान बार काउंसिल के निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा।