सिरसा में सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा सामने आई, 13 कार्यक्रमों के जरिए जनता तक पहुंचेगा संदेश
सिरसा | पूर्व सांसद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दुग्गल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल में हुए जन कल्याणकारी कार्यों व योजनाओं से आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उनके इस 25 वर्ष के ऐतिहासिक जन सेवा के कार्यकाल को सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाया जाएगा।
पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल रविवार को सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रेसवार्ता को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने अभियान से जुड़े कार्यक्रमों व गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतिंद्र सिंह व जिला इंचार्ज भारत भूषण जुयाल भी उपस्थित रहे।
सुनीता दुग्गल ने कहा कि 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से सेवा संकल्प अभियान की शरूआत की जाएगी। इस दिन कार्यकर्ता से लेकर आम नागरिक व योजनाओं के लाभपात्र शाम 7 बजे दीया जलाकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जन कल्याण कार्यों के प्रति अपना आभार व्यक्त करेंगे। उन्होंने बताया कि इस एक महीने के अभियान के दौरान 13 अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जो सीधे तौर पर जन-जन की भावना से जुड़े होंगे। इसी प्रकार मेरे सपनों का भारत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत स्कूली बच्चों के लिए चित्रकारी और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, ताकि युवा पीढ़ी में देश के प्रति सकारात्मक सोच और रचनात्मकता को बढ़ावा दिया जा सके। नमो सेवा- अनकही कहानियां कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों को 30 मिनट की एक भावनात्मक नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत महिला बाल विकास विभाग द्वारा प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदी का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा। इसी प्रकार सेवा की कहानी कार्यक्रम के तहत सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हुए कम से कम 10 वास्तविक लाभार्थियों की 1 मिनट की रील्स और फोटो सोशल मीडिया व आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी। पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने बताया कि अभियान के तहत सेवा ज्योति कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। जिसमे विकसित भारत का संकल्प को लेकर विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में 7 अक्टूबर को यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें जनसेवा के 25 वर्षों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकारों के माध्यम से प्रत्येक विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जिससे नागरिकों को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ एक ही स्थान पर मिल सके। इसी प्रकार सेवा के रंग, राष्ट्र के संग कार्यक्रम भी आयोजित होगा जिसमें देश के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर 'रंगोली' के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत का संदेश प्रदर्शित किया जाएगा। इसी प्रकार सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज कार्यक्रम के तहत युवा इनोवेटर्स को जोड़कर स्थानीय और राष्ट्रीय समस्याओं का समाधान निकालने के लिए पांच बड़े क्षेत्रीय इनोवेशन चैलेंज आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सुशासन सेवा संवाद कार्यक्रम के तहत भव्य संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधियों की भागीदारी होगी।
