चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल में शुरू हुआ ऑर्थोडॉन्टिक्स क्लीनिक, सिविल सर्जन डॉ रघुवीर शांडिल्य ने रिबन काटकर  किया उद्घाटन

 
चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल में शुरू हुआ ऑर्थोडॉन्टिक्स क्लीनिक, सिविल सर्जन डॉ रघुवीर शांडिल्य ने रिबन काटकर  किया उद्घाटन

 
भिवानी, 20 अगस्त।   चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल के कमरा नंबर छह में ऑर्थोडॉन्टिक्स  क्लीनिक की सेवाएं शुरु हो गई हैं, जिसका शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ रघुवीर शांडिल्य ने किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार अपग्रेड किया जा रहा है, जिसमें डेंटल ओपीडी में ऑर्थोडॉन्टिक्स  क्लीनिक शुरू किया गया है।


सिविल सर्जन डॉ. शांडिल्य ने कहा कि इस सुविधा से अब स्थानीय लोगों को टेढ़े-मेढ़े दांतों को ठीक करने, ब्रेसिज़  लगवाने और अन्य जटिल ओरल हेल्थ ट्रीटमेंट के लिए स्नातकोत्तर मेडिकल कालेज रोहतक या महंगे प्राइवेट क्लीनिकों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि प्राइवेट क्लीनिकों में ऑर्थोडॉन्टिक्स (ब्रेसिज़/तार लगाने) का इलाज काफी महंगा होता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे इस ट्रीटमेंट से वंचित रह जाते थे। अब नागरिक अस्पताल में बिना किसी इंतजार के यह मुफ्त सुविधा मिल जायेगी इसलिए सभी इसका लाभ उठाएं।


 डॉ. विनोद पंवार ने कहा कि वर्तमान में अस्पताल में कोई वेटिंग लिस्ट नहीं है। बच्चों के टेढ़े-मेढ़े दांतों का इलाज पूरी तरह से नि:शुल्क ( फ्री ) में किया जा रहा है। दांतों की सही सेप के लिए आमतौर पर बच्चों और किशोरों की सबसे सही उम्र 12 से 14 वर्ष होती है। इसलिए जल्द से जल्द बंसीलाल नागरिक अस्पताल की पुरानी डेंटल ओपीडी के कमरा नंबर 6 एवं कमरा नंबर 25 में आकर अपने डॉक्टर से परामर्श कर लें। सभी सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के मुफ्त इलाज के लाभ के लिए अपना आधार कार्ड या आयुष्मान कार्ड साथ जरूर रखें।


इस अवसर पर डॉ विनी, डॉ लता पंवार, डॉ प्रीति, डॉ रीना, डॉ नवीन नैन सहित मेट्रन सरला, सुशीला, निशा, सेनेटरी इंटरसेप्टर सज्जन कुमार, स्वास्थ्य निरीक्षक जगदीश प्रसाद सहित विकास, अनिल, धर्मपाल और  दीपक उपस्थित थे।