झूठे नैरेटिव और निराधार आरोपों से जनता को गुमराह नहीं कर सकता विपक्ष

 
झूठे नैरेटिव और निराधार आरोपों से जनता को गुमराह नहीं कर सकता विपक्ष

हिसार, 2 नवंबर ।

भाजपा जिला कार्यालय में सोमवार को पूर्व कैबिनेट
मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने आमजन की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों से
बातचीत कर उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पार्टी
कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की तथा
संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर बल दिया।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि गत दिवस दिल्ली
के रामलीला मैदान में कांग्रेस एवं उसके सहयोगी दलों द्वारा आयोजित रैली
अपने दावों के अनुरूप प्रभाव छोड़ने में पूरी तरह विफल रही। उन्होंने कहा
कि इस रैली से जनता के बीच कोई विश्वसनीय संदेश जाएगा, इसमें संदेह है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि विपक्षी दल सत्ता प्राप्ति की लालसा में यह भ्रम
पाल बैठे हैं कि देश में अराजकता का वातावरण बनाकर और झूठा नैरेटिव गढ़कर
जनता का विश्वास जीत लेंगे। उन्होंने कहा कि झूठे और मनगढ़ंत नारों का
कोई आधार नहीं होता। चुनाव में हार मिलने पर कभी ईवीएम पर सवाल उठाए जाते
हैं तो कभी एसआईआर जैसे विषयों को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया जाता
है।

डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि विपक्ष को निराधार आरोप लगाकर "वोट चोरी" का
राग अलापने और सत्ता प्राप्ति के दिवास्वप्न देखने के बजाय जनता के हितों
से जुड़े सकारात्मक मुद्दों पर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की
जनता अब जागरूक है और केवल विकास, सुशासन तथा जनकल्याण की राजनीति पर ही
अपना विश्वास व्यक्त कर रही है।

इस अवसर पर जिला कार्यालय  प्रमुख  सुरेंदर सिंह सैनी  नें  पूर्व
मंत्री डॉ. कमल गुप्ता को  भाजपा  विचार धारा  से संबंधित पांच पुस्तकों
का  सेट भेंट किया।इस अवसर पर  सुरेंदर सिंह सैनी, लोकेश असीजा, कृष्ण
बिश्नोई, सत पाल शर्मा, उम्मेद खन्ना,  अनुज जैन,प्रोमिला पुनिया, धर्म
सिंह खटकड़, अनिल गोदारा, कुलदीप डेलू, सतीश महत्ता,
आदि मौजूद रहें।