राष्ट्रीय एकता दिवस पर हिसार में निकाली जाएगी रन फॉर यूनिटी, महाबीर स्टेडियम व सरदार पटेल भवन में होंगे कार्यक्रम
हिसार, 30 अक्टूबर।
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को महाबीर स्टेडियम व सरदार पटेल भवन में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा इन कार्यक्रमों में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम सुबह 6:30 बजे से महाबीर स्टेडियम में होगा। हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस मौके पर हिसार विधायक सावित्री जिंदल तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ कमल गुप्ता भी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य सरदार वल्लभ भाई पटेल के देश की एकता और अखंडता के प्रति दिए गए योगदान को याद करना तथा युवाओं और आमजन में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि नलवा विधानसभा क्षेत्र में विधायक रणधीर पनिहार, आदमपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक भव्य बिश्नोई तथा उकलाना विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री अनूप धानक आयोजित कार्यक्रमों में शिकरत करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को देश की एकता, अखंडता और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया जाएगा। इसके अलावा प्रात: 9 बजे राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सरदार पटेल भवन में भी एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा 4 बजे बरवाला स्थित ब्रिटिश इंटरनेशनल स्कूल में जिला स्तरीय हैंडबॉल चैंपियनशिप का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वे आमजन की समस्याएं सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे देंगे।
