मतदाता सूची में त्रुटियों को दूर कर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ें अधिकारी : उपायुक्त महेंद्र पाल

 
 तदाता सूची में त्रुटियों को दूर कर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ें अधिकारी : उपायुक्त महेंद्र पाल

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, दावे-आपत्तियों का नियमानुसार निपटान करने के निर्देश

हिसार,

मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों, दावे एवं आपत्तियों का निर्धारित नियमों के अनुसार समय पर निपटान सुनिश्चित करें। पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के साथ-साथ अपात्र प्रविष्टियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
    यह निर्देश हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग उपरांत उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र पाल ने अधिकारियों को दिए। बैठक में मतदाता सूची की जांच, नोटिसों की सुनवाई, दावे एवं आपत्तियों के निपटान और अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। हिसार जिले में चल रहे कार्यों के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


    उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद जरूरी है। फॉर्म नंबर 9, 10, 11, 11ए और 11बी के तहत प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की सूची राजनीतिक दलों के साथ नियमित रूप से साझा की जाए, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और संबंधित मामलों की जानकारी समय पर उपलब्ध हो सके। उन्होंने निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने तथा बूथ लेवल एजेंट और बूथ लेवल अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित प्रत्येक मामले की जांच नियमानुसार की जाए और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।


उन्होंने मतदाता सूची में नाम शामिल करने, नाम हटाने तथा विवरण में संशोधन से संबंधित फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के निपटान की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष आवेदनों की जांच कर उनका नियमानुसार निपटान किया जाए। नोटिसों की सुनवाई और मतदाता सूची के सत्यापन से संबंधित कार्यों में भी निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें, ताकि मतदाता सूची में शुद्धता बनी रहे और पात्र नागरिकों को अपने मताधिकार का उपयोग करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
    इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, हिसार एसडीएम ज्योति मित्तल, नगराधीश रोहित कुमार, जिला राजस्व अधिकारी श्याम लाल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह, चुनाव तहसीलदार जगदीप मान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।