रिफॉर्म उत्सव के लिए अधिकारी कार्य योजना तैयार करें: डीसी साहिल गुप्ता
भिवानी, 04 सितंबर। आमजन एवं पात्र लोगों के सुझावों के साथ सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने और प्रत्येक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने को लेकर अक्टूबर महीने से रिफॉर्म उत्सव अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संबंधित जनसंगठन, प्रतिनिधि और आमजन के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी। डीसी साहिल गुप्ता ने लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों को रिफॉर्म उत्सव की तैयारी के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। वहीं दूसरी ओर प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने भी प्रदेशभर के जिलाधिकारियों को वीसी के माध्यम से जरूरी निर्देश दिए।
डीसी श्री गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि रिफॉर्म उत्सव का मुख्य उद्देश्य आमजन की भागीदारी से ऐसे सुधारों की पहचान करना है, जिनका लाभ आमजन को सरलता, पारदर्शी और समयबद्घ ढंग से मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस अभियान के तहत चलाने वाले कार्यक्रमों की प्रत्येक गतिविधि निर्धारित समय सीमा के अनुसार पूरी की जाए और धरातल पर नागरिकों तक इसकी जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपनी विभाग की प्रचार एवं जनभागीदारी योजना तैयार करे। अधिक से अधिक नागरिकों को सुधार उत्सव से जोड़ा जाए। नागरिकों से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लिया। उनके अनुरूप कार्ययोजना तैयार करें। डीसी श्री गुप्ता ने निर्देश देते हुए बताया कि इस अभियान में मुख्य रूप से उद्योग वाणिज्य विभाग, विकास एवं पंचायत विभाग, क्रीड विभाग, युवा कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, उच्चतर शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सहकारिता विभाग, खेल विभाग, गृह विभाग, ऊर्जा विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, परिवहन विभाग आदि जनता से सीधे रूप से जुड़े विभागों की अहम भूमिका रहेगी। रिफॉर्म उत्सव का नोडल उद्योग वाणिज्य विभाग है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सरकार के निर्देशों के अनुरूप रिफॉर्म उत्सव के लिए कार्य योजना तैयार करें।
बैठक के दौरान एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, डीएमसी हरबीर सिंह, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, जीएम रोडवेज दीपक कुंडू, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की उपनिदेशक संजीत कौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
