शिकायतकर्ता को समाधान की समय-सीमा और स्थिति की स्पष्ट जानकारी दें अधिकारी: डीएमसी हरबीर सिंह
शिकायतकर्ता को समाधान की समय-सीमा और स्थिति की स्पष्ट जानकारी दें अधिकारी: डीएमसी हरबीर सिंह
भिवानी, 05 अक्टूबर। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में सोमवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में समाधान शिविर का आयोजन हुआ। डीएमसी हरबीर सिंह ने शिविर में पहुंचे लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर एटीआर डालने से पहले शिकायतकर्ता को फोन करके स्पष्ट रूप से बताया जाए कि समाधान में कितना समय लगेगा। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में आने वाले शिकायतकर्ता को अधिकारी साफ-साफ बताएं कि उसकी समस्या का समाधान संभव होने के बारे में सही जानकारी दें। उनकी शिकायत नियमानुसार हल होनें वाली है या नहीं।
शिविर में गांव ढाणा लाडनपुर निवासी रामरति ने किसान सम्मान निधि की बकाया राशि दिलवाने, शहर निवासी दयानंद ने जैन हाई स्कूल के पास गली नंबर-2 से अवैध कब्जा हटवाने, सेक्टर-13 निवासी संदीप ने बिजली निगम से संबंधित सही कार्य करवाने, शांति नगर निवासी कृष्ण कुमार ने अतिक्रमण हटवाने तथा कोंट रोड़ निवासी शबनम ने बच्चों के शैक्षणिक दस्तावेज दिलवाने, गांव घुसकानी निवासी लक्ष्मण सिंह ने गंदे पानी की निकासी की समस्या रखी।
इसी प्रकार से गांव सांगा निवासी जितेंद्र ने आने-जाने के रास्ते से ट्यूबवेल हटवाने, विकास नगर निवासी मुनीष कुमार ने भरे हुए चालान को ऑनलाइन पोर्टल से हटवाने, गांव झरवाई निवासी रवि कुमार ने गांव के समीप स्थित ठेके को हटवाने तथा बैंक कॉलोनी निवासी राजेंद्र ने बस स्टैंड से बाएं पास चौक हाईवे तक दोनों तरफ की काबली कीकर कटवाने और सडक़ के दोनों ओर लगे कचरे के ढेर हटवाने की शिकायत दी।
इसके अलावा भिवानी निवासी रमन, गांव ढाब ढाणी निवासी भावना, भारत नगर निवासी सुरेंद्र कुमार, गांव चनाना निवासी रचना, गांव धारूहेड़ा निवासी विनोद, गांव मुंढाल खुर्द निवासी भारूराम, गांव बवानी खेड़ा निवासी बीर सिंह, गांव मोहिला निवासी सोना देवी व निशु ने फैमिली आईडी में आई त्रुटियों को ठीक करवाने की शिकायत समाधान शिविर में रखी।
डीएमसी ने सभी शिकायतों को गौर से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों की नियमित निगरानी करने तथा शिकायतकर्ताओं को समाधान की स्थिति से अवगत करवाने के निर्देश भी दिए।
समाधान शिविर में गैर-सरकारी सदस्य सुनील वर्मा नंबरदार, केके ग्रोवर और रामकिशन हालवासिया के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
