प्रत्येक शिकायत की वास्तविक स्थिति की जांच कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी:- उपायुक्त सतबीर सिंह
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा की जा रही शिकायतों के समाधान की समीक्षा
एक से अधिक विभागों से संबंधित शिकायतों का आपसी समन्वय से किया जाए निपटारा
लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा कर समाधान में आ रही बाधाओं को दूर करें अधिकारी
प्रत्येक सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किए जाते हैं समाधान शिविर
रोहतक,
उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान प्रकोष्ठ के तहत प्राप्त प्रत्येक शिकायत की वास्तविक स्थिति की जांच कर उसका समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए। एक से अधिक विभागों से संबंधित शिकायतों का समाधान आपसी समन्वय से किया जाए तथा संबंधित विभागों के अधिकारी संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए शिकायतों के निपटारे की जिम्मेदारी तय करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी समाधान शिविरांे की स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसलिए अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उनका समाधान सुनिश्चित करना होगा।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि स्थानीय समस्याओं से संबंधित शिकायतों की आवश्यकता के अनुसार मौके पर जाकर जांच की जाए। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि शिकायतों का समाधान पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक लंबित शिकायत के समाधान में आ रही बाधाओं की पहचान कर उन्हें दूर किया जाए तथा संबंधित अधिकारी लंबित मामलों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करें।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभाग नियमित रूप से मासिक बैठकें आयोजित करें। इन बैठकों में प्रत्येक शिकायत की अलग-अलग समीक्षा की जाए और उसके निपटारे में हुई प्रगति का आकलन किया जाए। विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निवारण कर उन्हें राहत प्रदान करना है। इसलिए अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि जिला एवं उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। नागरिक इन शिविरों में अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कर सकते हैं। संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त सतबीर सिंह के मार्गदर्शन में शुक्रवार को लघु सचिवालय में समाधान प्रकोष्ठ के तहत जिला स्तर पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगराधीश शुभम ने की। इससे पहले चंडीगढ़ मुख्यालय से अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसंवाद एवं समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला स्तर पर आयोजित समीक्षा बैठक में नगराधीश शुभम ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों के निपटारे में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत की स्थिति की नियमित समीक्षा की जाए और शिकायतकर्ता को राहत पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी न हो। बैठक में डीएसपी राजेश कुमार, परिवहन महाप्रबंधक नवीन कुमार सहित प्रशासनिक उच्चाधिकारियों के अलावा भाजपा के प्रतिनिधि सतीश चैधरी व डाॅ अंकुश बिड्डू मौजूद रहे।
