डीसी साहिल गुप्ता ने बाजरे की खरीद के चलते मार्केट कमेटी सचिवों को दिए सख्त निर्देश
भिवानी, 15 अक्टूबर। डीसी साहिल गुप्ता ने लघु सचिवालय स्थित वीसी रूम में जिला के सभी मार्केट सचिव व सहायक सचिवों को निर्देश दिए कि बाजरे की खरीद के दौरान कोई अवकाश पर नहीं रहेगा। शनिवार और रविवार को भी अधिकारी मंडियों में तैनात रहेंगे। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि किसानों को बाजरे की बिक्री करने में मंडी में कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। वहीं दूसरी ओर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने भी बाजरे, धान और मंूग दाल आदि खरीद को लेकर प्रदेशभर के जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
डीसी साहिल गुप्ता ने जिला के सभी मार्केट कमेटी सचिवों व सहायक सचिवों को बाजरे की खरीद का सीजन चरम पर है। ऐसे में सभी किसान अपनी फसल को लेकर मंडियों में आ रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों के एकसाथ आने से वाहनों की संख्या बढऩा स्वाभाविक है, लेकिन मार्केट कमेटी सचिव, सहायक सचिव व अन्य अधिकारी बाजरे की खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से करवाएं। किसानों को गेट पास कटने में किसी प्रकार की दिक्कत ना आए।
डीसी ने सख्त निर्देश दिए मार्केट कमेटी के अधिकारी शनिवार और रविवार को भी मंडियों में रहेंगे। बारिश के मद्देनजर डीसी ने निर्देश दिए कि मंडियों से पानी निकासी की समुचित व्यवस्था हो। वहीं दूसरी ओर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने भी बाजरे, धान और दाल आदि खरीद को लेकर प्रदेशभर के जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि जिला में भिवानी अनाज मंडी के अलावा बवानीखेड़ा, तोशाम, लोहारू, ढिगावा, सिवानी, जुई और बहल में बाजरे की खरीद चल रही है। बैठक में एसडीएम महेश कुमार, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक अपार तिवारी, मार्केट कमेटी सचिव संदीप लोहान भी मौजूद रहे।
