हर शिकायत को गंभीरता से लें अधिकारी, पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाएं : सीईओ

 
हर शिकायत को गंभीरता से लें अधिकारी, पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाएं : सीईओ

 

जिला स्तरीय समाधान शिविर में सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट ने सुनी जनसमस्याएं

*झज्जर, 5 अक्टूबर।*जिला मुख्यालय स्थित लघु सचिवालय में सोमवार को डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में आयोजित समाधान शिविर में जिला परिषद के सीईओ मनीष फौगाट ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
सीईओ ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और पात्र नागरिकों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसकी नियमित समीक्षा करें और लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करना है। किसी भी शिकायत को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखें, बल्कि उसके समाधान की प्रक्रिया भी समयबद्ध तरीके से पूरी करें।
इस अवसर पर सीटीएम ऋतु, डीडीपीओ निशा तंवर, एएफएसओ अमरजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।