अधिकारी हर नागरिक की हर समस्या का करें समयबद्ध यथासंभव समाधान:- उपायुक्त सतबीर सिंह
- जिला प्रशासन नागरिकों की हर समस्या के निदान के प्रति है कृतसंकल्प
- जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर आयोजित किये गये समाधान शिविर
- मुख्यमंत्री की जनकल्याण की सोच के प्रतीक है समाधान शिविर
रोहतक, 8 अक्तूबर: उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिये है कि वे नागरिकों की हर समस्या का समयबद्ध यथासंभव समाधान करना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी सोच के तहत समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
सतबीर सिंह ने कहा है कि जिला प्रशासन हर नागरिक की हर समस्या के समयबद्ध निदान के प्रति कृतसंकल्प है। सरकार के निर्देशानुसार नागरिकों की सभी विभागों से संबंधित समस्याओं के एक छत के नीचे निपटारे के उद्देश्य से हर सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों सांपला व महम में समाधान शिविर आयोजित किये जा रहे है। नागरिक अपनी सुविधा अनुसार उपमंडल मुख्यालय पर समाधान शिविर में पहुंचकर साधारण कागज पर अपनी समस्या प्रस्तुत कर सकते है।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिये है कि वे सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ नागरिकों की समस्याओं का हर संभव समाधान करना सुनिश्चित करें। नागरिकों की समस्या का समाधान करते समय अधिकारी संबंधित नागरिक से संवाद कर उन्हें विभागीय कार्यवाही की जानकारी देकर संतुष्ट करें ताकि इन समस्याओं का स्थायी समाधान किया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा लिखने पढने में असमर्थ व्यक्तियों की मदद के लिए जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले समाधान शिविर में एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है।
बाॅक्स:-
जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविरों में सुनी गई नागरिकों की समस्याएं:-
उपायुक्त सतबीर सिंह के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों सांपला तथा महम में समाधान शिविर आयोजित किये गये, जिनमें नागरिकों की समस्याएं सुनी गई। जिला मुख्यालय पर उपमंडलाधीश आशीष कुमार, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल तथा पुलिस उपाधीक्षक दलीप सिंह ने स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में नागरिकों की समस्याएं सुनी। उन्होंने शिकायतें सुनने के दौरान मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों को इन समस्याओं के समयबद्ध उचित निपटारे के निर्देश दिये। समाधान शिविर में संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों के अलावा भाजपा के प्रतिनिधियों में सतीश चैधरी एवं डाॅ अंकुश बिड्डू मौजूद रहे।
बाॅक्स:-
उपमंडल मुख्यालयों पर भी उपमंडलाधीशों ने सुनी नागरिकों की समस्याएं:-
उपमंडल मुख्यालयों सांपला एवं महम में भी समाधान शिविर आयोजित किये गये। सांपला में उपमंडलाधीश अंकिता पुवार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनी गई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं के निपटारे बारे आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। इसी तरह महम उपमंडल में उपमंडलाधीश विपिन कुमार ने समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारी समाधान शिविरों में प्राप्त हर समस्या का समयबद्ध यथासंभव निपटारा करवाये।
