सेवा संकल्प अभियान में अधिकारी पूरी जिम्मेदारी व सेवाभाव के साथ दें नागरिकों को सेवाएं: डीसी

 
सेवा संकल्प अभियान में अधिकारी पूरी जिम्मेदारी व सेवाभाव के साथ दें नागरिकों को सेवाएं: डीसी

 
- समीक्षा बैठक में डीसी साहिल गुप्ता ने अधिकारियों को दिए जरूरी
-आशीर्वाद के दीयों से रोशन होंगे नव निर्मित सरकारी भवन और धार्मिक स्थल
- 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, आशीर्वाद का दीया जलाने से होगा शुभारंभ


भिवानी, 16 सितंबर। डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में बुधवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस अभियान के दौरान पूरी जिम्मेदारी के साथ नागरिकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी व सेवाएं दें। उन्होंने कहा कि अधिकारी किसी भी स्तर पर लापरवाही ना बरतें।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान जिला स्तर के अलावा उपमंडल, ब्लॉक व बड़े गांव स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत आशीर्वाद के दीये जलाने के साथ होगी, जिससे नव निर्मित सरकारी परिसर और धार्मिक स्थल रोशन होंगे। आशीर्वाद का दीया प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में समर्पित होगा। वहीं दूसरी ओर वीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने भी सभी जिलाधिकारियों से सेवा संकल्प अभियान की विस्तार से समीक्षा की।


डीसी श्री गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि 17 सितंबर से शुरु हो रहे इस अभियान में पूरे सेवा भाव से कार्य करें। डीसी साहिल गुप्ता ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तर, उपमंडल, ब्लॉक तथा बड़े गांवों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में आमजन को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया जाएगा।


उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर 17 सितंबर को श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर में अभियान के प्रथम दिवस ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता स्टॉल लगाई जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तदान शिविर, महिला चिकित्सक की सुविधा, बाल संरक्षण संबंधी जागरूकता तथा ब्लड शुगर सहित स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। जिला कल्याण एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न पेंशन योजनाओं, लाडो लक्ष्मी योजना सहित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाई जाएंगी। एमएसएमई विभाग द्वारा उत्थान योजना सहित ऋण संबंधी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। बैंकों की ओर से साइबर सुरक्षा, ओटीपी साझा न करने तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में जागरूक किया जाएगा।


इसी प्रकार परिवार पहचान पत्र से संबंधित समस्याओं के समाधान एवं जागरूकता के लिए स्टॉल लगाई जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण ट्रैकर तथा महिलाओं, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। डीएफएससी विभाग द्वारा भी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
डीसी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध करवाई जाए तथा पात्र लोगों को मौके पर ही आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान की जाए, ताकि सेवा संकल्प अभियान का अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।


इस दौरान डीएफओ बीके आईएफएस, एसडीएम भिवानी महेश कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, सीटीएम अनिल कुमार, डीएसपी अनूप कुमार, एससी पीएचईडी सुनील रंगा, डीईओ निर्मल दहिया, डीपीओ मंजु राणा, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, सीएमओ रघुबीर शांडिल्य, डीप्टी सीईओ रविन्द्र दलाल, जीएम रोडवेज दीपक कुंडू, डीआईओ अमित लांबा, डीएसओ विद्यानंद, फायर ऑफिसर रमन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।