मतदाता सूची के लंबित आवेदनों को प्राथमिकता से निपटाएं अधिकारी : एडीसी अंजलि श्रोत्रिया

 
मतदाता सूची के लंबित आवेदनों को प्राथमिकता से निपटाएं अधिकारी : एडीसी अंजलि श्रोत्रिया

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की एसआईआर कार्यों की समीक्षा

फरीदाबाद, 02 नवंबर।

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने जिलों में निर्धारित कार्यों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि इसके बाद मतदाता सूची से संबंधित रिकॉर्ड की क्रॉस चेकिंग एवं पुनः जांच के लिए पर्याप्त समय मिल सके। जिला फरीदाबाद की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने की।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने फॉर्म-6, 7 और 8 के लंबित आवेदनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर पेंडेंसी शून्य की जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन से संबंधित प्रत्येक आवेदन की सावधानीपूर्वक जांच की जाए। किसी भी आवेदन को स्वीकार या अस्वीकार करते समय निर्धारित दिशा-निर्देशों और दस्तावेजों का पूरी तरह पालन किया जाए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरान्त अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द लंबित कार्यों का निपटान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि फॉर्म नंबर-6, 7 और 8 से संबंधित लंबित आवेदनों की नियमित निगरानी करते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निपटान किया जाए, ताकि किसी भी स्तर पर अनावश्यक पेंडेंसी शेष न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन आवेदनों में दस्तावेजों की कमी, आयु संबंधी त्रुटि अथवा अन्य तकनीकी समस्या है, उनकी पहचान कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र मतदाताओं से संबंधित आवेदनों का निपटान प्राथमिकता से किया जाए तथा अपात्र आवेदनों की भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की जाए।

एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में समयबद्धता और शुद्धता बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि दीपावली से पहले एसआईआर से जुड़े सभी लंबित कार्यों को अधिकतम स्तर तक पूरा कर लिया जाए।

समीक्षा बैठक में सीईओ जिला परिषद शिखा, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।