निपुण हरियाणा के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें अधिकारी : अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल

 
निपुण हरियाणा के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें अधिकारी : अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल

हिसार, 05 अक्टूबर ।

निपुण हरियाणा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा के लक्ष्यों की प्राप्ति को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल की अध्यक्षता में जिला परियोजना क्रियान्वयन इकाई की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में चल रही विभिन्न गतिविधियों, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में अगस्त माह में किए गए कार्यों, आवधिक मूल्यांकन-प्रथम के परिणामों, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर तथा सक्षमता-वार अधिगम अंतराल पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मूल्यांकन के आधार पर विद्यार्थियों की सीखने संबंधी कमियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में कैप्सूल विद्यालय सहयोग कार्यक्रम के तहत चयनित 60 विद्यालयों की प्रगति, विद्यालय भ्रमण एवं निगरानी, शिक्षक प्रशिक्षण, अभिभावक सहभागिता तथा सूचना-शिक्षा-संचार गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। हिसार जिले में अध्यापक प्रशिक्षण 12 अक्टूबर से शुरू किया जाएगा। इसके अलावा बालवाटिका, आंगनवाड़ी, डिजिटल अधिगम पहल और तिथि भोजन जैसी गतिविधियों की प्रगति पर भी चर्चा हुई।

अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निपुण हरियाणा के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए विद्यालय स्तर पर गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने विद्यार्थियों के अधिगम अंतराल को दूर करने के लिए 90-दिवसीय उपचारात्मक योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा विद्यार्थी-वार लक्षित उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी राम रतन, जिला परियोजना संयोजक विजेंद्र सिंह, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी अमोल, जिला समन्वयक प्रमोद कुमार, डाइट फैकल्टी अनिल बूरा व विनोद कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं ब्लॉक मॉडल मौजूद रहे।