निर्वाचन आयोग के नियम अनुरूप एसआईआर कार्यों को पूरा करें अधिकारी : मोनिका मलिक
रोहतक मंडलायुक्त मोनिका मलिक ने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य पूरा करने के दिए निर्देश, बीएलओ दोबारा घर-घर जाकर करेंगे संपर्क
रोहतक मंडलायुक्त मोनिका मलिक ने अधिकारियों की बैठक में की एसआईआर अभियान की समीक्षा
झज्जर, 12 नवंबर।
रोहतक मंडल आयुक्त मोनिका मलिक ने कहा कि जिला में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 का कार्य भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए। इसके लिए बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित करेंगे, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे।
मंडलायुक्त मोनिका मलिक गुरुवार को झज्जर लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक के दौरान एसआईआर अभियान की प्रगति की समीक्षा कर रही थीं। इस बीच डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने मंडल आयुक्त का स्वागत करते हुए जिला में चल रहे पुनरीक्षण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने और जमा करवाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दें अधिकारी
मंडलायुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करने का अवसर प्रदान करना है। इसी उद्देश्य से एएसडीडी श्रेणी में शामिल मतदाताओं की दोबारा पहचान एवं भौतिक सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और बीएलओ को निर्देश दिए कि वे पूरी गंभीरता से घर-घर जाकर संपर्क करें तथा संबंधित मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने और जमा करवाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दें।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से इस कार्य में प्रशासन का सहयोग करें। बीएलए ऐसे मतदाताओं की पहचान करने और पात्र लोगों तक जानकारी पहुंचाने में बीएलओ की मदद करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता निर्धारित प्रक्रिया से वंचित न रहे।
मंडलायुक्त ने बताया कि एएसडीडी श्रेणी में शामिल मतदाताओं की सूचियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ सभी मतदान केंद्रों पर भी चस्पा की जा चुकी हैं। यदि किसी नागरिक को सूची में शामिल किसी नाम को लेकर आपत्ति है, तो वह संबंधित बीएलओ के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सत्यापन प्रक्रिया के दौरान प्राप्त आपत्तियों एवं सूचनाओं पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए प्रशासन, निर्वाचन अधिकारियों, बीएलओ और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय से काम करना होगा।
स्वयं या परिवार के सदस्य के माध्यम से जमा करवा सकते हैं गणना प्रपत्र
रोहतक मंडलायुक्त मोनिका मलिक ने बताया कि एएसडीडी सूची में शामिल मतदाता अपना विधिवत भरा हुआ गणना प्रपत्र संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (एईआरओ) अथवा बूथ लेवल अधिकारी के पास स्वयं या परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से भौतिक रूप से जमा करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त ईसीआईनेट पोर्टल पर ई-हस्ताक्षर की सुविधा उपलब्ध होने पर गणना प्रपत्र ऑनलाइन भी जमा करवाया जा सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि जिन मतदाताओं का डाटा किसी कारणवश अपडेट नहीं हो पाया है, वे ईसीआईनेट पोर्टल के माध्यम से स्वयं भी अपना डाटा अपडेट कर सकते हैं।
यह अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच वर्चुअल माध्यम से जुड़े, जबकि एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बादली विशाल कुमार, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, निर्वाचन उप तहसीलदार कुलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
