डुप्लीकेसी रोकने के साथ फील्ड में उतरकर कार्यों का नियमित निरीक्षण करें अधिकारी, बीएलओ, बीएलए एवं सुपरवाइजरों की ट्रेनिंग करवाने के भी निर्देश
एसआईआर-2026 : एएसडीडी श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं को ट्रैक कर एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करने का कार्य गंभीरता से सुनिश्चित करें : डीसी आयुष सिन्हा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ एएसडीडी मतदाताओं को ट्रैक करने एवं नामांकन प्रक्रिया की समीक्षा की
डीसी ने सभी ईआरओ को एएसडीडी सूची के अनुसार पात्र मतदाताओं तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाने और प्रत्येक मामले की उचित ट्रैकिंग सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
फरीदाबाद, 10 नवंबर।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री ए. श्रीनिवास ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट (ASDD) श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं को ट्रैक करने तथा उन्हें एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध करवाने के कार्य की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जिला के सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों (EROs) को निर्देश दिए कि वे एएसडीडी सूची के अनुसार संबंधित मतदाताओं की पहचान एवं उचित ट्रैकिंग सुनिश्चित करते हुए पात्र मतदाताओं तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस कार्य में प्रत्येक मतदाता से संबंधित जानकारी का सही रिकॉर्ड रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की डुप्लीकेसी से बचने के लिए सभी स्तरों पर सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए।
डीसी ने सभी ईआरओ को निर्देश दिए कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं फील्ड में जाकर कार्य की प्रगति का जायजा लें और संबंधित क्षेत्रों में चल रही गतिविधियों का निरंतर निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि एएसडीडी सूची के अनुसार मतदाताओं को ट्रैक करने, उनसे संपर्क स्थापित करने और एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करने की पूरी प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने आगे निर्देश दिए कि बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs), बूथ लेवल एजेंटों (BLAs) तथा सुपरवाइजरों की समय-समय पर आवश्यक ट्रेनिंग आयोजित की जाए। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, मतदाताओं की सही पहचान, फॉर्म वितरण, रिकॉर्ड संधारण, सत्यापन एवं डुप्लीकेसी रोकने से संबंधित आवश्यक जानकारी दी जाए। साथ ही, फील्ड में कार्य कर रहे कर्मचारियों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश देकर उनकी कार्यप्रणाली की समीक्षा भी की जाए।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया में प्रत्येक स्तर पर सटीक जानकारी, प्रभावी समन्वय और नियमित निगरानी बेहद महत्वपूर्ण है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी तालमेल के साथ निर्धारित कार्यों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूरा करना सुनिश्चित करें, ताकि एएसडीडी श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं की वास्तविक स्थिति का सत्यापन हो सके और पात्र मतदाताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने का अवसर मिल सके।
बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम फरीदाबाद डॉ. हनी बंसल, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, एच.एस.वी.पी. संपदा अधिकारी नवीन कुमार, सीईओ जिला परिषद शिखा अंतिल, नगराधीश अंकित कुमार मौजूद रहे।
