नशा मुक्त हरियाणा और महिला अपराध रोकथाम में अहम भूमिका निभा सकती हैं नर्सिंग छात्राएं :  सुकून काउंसलर राहुल शर्मा

 
नशा मुक्त हरियाणा और महिला अपराध रोकथाम में अहम भूमिका निभा सकती हैं नर्सिंग छात्राएं :  सुकून काउंसलर राहुल शर्मा

 हिसार, 07 सितंबर।
जिला नागरिक अस्पताल में गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के नर्सिंग विभाग की बीएससी नर्सिंग छात्राओं ने शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान सुपरवाइजर अरविंद कुमार ने छात्राओं को अस्पताल की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
छात्राओं ने हरियाणा स्टेट हेल्थ रिसोर्स सेंटर पंचकूला की ओर से महिला अपराधों की रोकथाम और पीड़ित महिलाओं को सहायता उपलब्ध करवाने के लिए स्थापित सुकून केंद्र का भी भ्रमण किया। जिला सुकून काउंसलर राहुल शर्मा ने छात्राओं को हिंसा एवं उत्पीड़न से पीड़ित महिलाओं के लिए केंद्र में उपलब्ध काउंसलिंग, कानूनी जानकारी और अन्य सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। राहुल शर्मा ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति का जीवन ही बर्बाद नहीं करता, बल्कि इससे परिवार और समाज में भी गंभीर समस्याएं पैदा होती हैं। नशे के कारण घरेलू हिंसा, मारपीट, यौन हिंसा, छेड़छाड़ और घरेलू विवाद जैसे अपराध बढ़ सकते हैं। ऐसे में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में नर्सिंग छात्राओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाली हिंसा या उत्पीड़न से पीड़ित महिलाओं की स्थिति को समझकर स्वास्थ्यकर्मी जरूरत पड़ने पर उन्हें सुकून केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग कर सकते हैं। इससे पीडि़ता को उचित काउंसलिंग, कानूनी जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। जिला सुकून काउंसलर राहुल शर्मा ने नर्सिंग छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने कार्यक्षेत्र के साथ-साथ समाज में भी नशे के दुष्प्रभाव और महिला अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करें। सामूहिक प्रयासों से ‘नशा मुक्त हरियाणा, विकसित हरियाणा’ के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
इस अवसर पर प्रोफेसर दीक्षा, ऋतु, शरीना, सुपरवाइजर अरविंद कुमार सहित नर्सिंग विभाग के छात्र-छात्राएं मौजूद रही।