सेवा संकल्प अभियान के तहत शहर के स्कूलों में चलाया जागरूकता अभियान
सिरसा, 13 अक्टूबर।
सेवा संकल्प अभियान के तहत स्थानीय निकाय विभाग की ओर से जिले के सिरसा, मंडी डबवाली, रानियां, कालांवाली और ऐलनाबाद के स्कूलों में नुक्कड़ नाटक एवं स्वास्थ्य और स्वच्छता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्यों ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने सहज और प्रभावशाली अंदाज में महिला स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रस्तुत किया। नाटक के जरिए छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सजग रहने, स्वच्छता की आदतें अपनाने और किसी भी परेशानी को छिपाने के बजाय समय पर अभिभावकों अथवा स्वास्थ्य विशेषज्ञों से सलाह लेने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार बनाना रहा। स्कूलों में इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं के बारे में खुलकर बात करने और जरूरत पड़ने पर उचित सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
