जिले में सितंबर माह के दौरान एनएसओ करेगा विभिन्न सर्वेक्षण

 

हिसार, 03 सितंबर।
 सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के क्षेत्र संकार्य प्रभाग द्वारा सितंबर माह के दौरान हिसार जिले में विभिन्न घरेलू एवं प्रतिष्ठान सर्वेक्षण किए जाएंगे। इन सर्वेक्षणों के माध्यम से चयनित परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से विभिन्न सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एकत्र की जाएगी। प्राप्त आंकड़ों का उपयोग राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर योजना निर्माण तथा नीतियों के निर्धारण में किया जाता है।
यह जानकारी देते हुए विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय का क्षेत्र संकार्य प्रभाग वर्ष 1950 से परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से विभिन्न प्रकार की सूचनाएं एकत्र करने का कार्य कर रहा है। वर्तमान में एनएसओ द्वारा आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, प्रवासन सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण, स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण, उपभोक्ता मूल्य सूचकांक, असंगठित सेवा क्षेत्र के उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण, थोक मूल्य सूचकांक, निगमित सेवा क्षेत्र के उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण सहित विभिन्न सर्वेक्षण किए जा रहे हैं। इन सर्वेक्षणों के तहत एनएसओ के अधिकारी चयनित घरों एवं प्रतिष्ठानों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हैं। उन्होंने बताया कि सितंबर माह के दौरान जिले में प्रवासन संबंधी विवरण सर्वेक्षण गांव पाबड़ा में किया जाएगा। सर्वे के लिए गांव ढाणी जटान तथा तलवंडी राणा का चयन किया गया है। ऋण एवं निवेश तथा स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण गांव खरकड़ा तथा राखी शाहपुर में होगा। इसी प्रकार एएसयूएसई के तहत हिसार में सर्वेक्षण किया जाएगा, जबकि राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण गांव डोभी में होगा। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक से संबंधित सर्वेक्षण हिसार, गांव कोथ कलां तथा तलवंडी राणा में किया जाएगा। प्रवक्ता ने बताया कि सर्वेक्षणों के दौरान परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से एकत्र की गई सभी सूचनाएं पूर्णत: गोपनीय रखी जाती हैं। सर्वेक्षण में भाग लेने वाले परिवारों एवं प्रतिष्ठानों की पहचान किसी भी रिपोर्ट अथवा प्रकाशित आंकड़ों में उजागर नहीं की जाती। एकत्रित आंकड़ों का उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों तथा योजना एवं नीति निर्माण के लिए किया जाता है।
उन्होंने जिले के सभी नागरिकों एवं उद्यमों से अपील करते हुए कहा कि सर्वेक्षण के लिए उनके यहां पहुंचने वाले एनएसओ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरा सहयोग प्रदान करें तथा सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए अपना बहुमूल्य समय दें। नागरिकों की सहभागिता से प्राप्त विश्वसनीय आंकड़े देश और प्रदेश में बेहतर योजना निर्माण तथा विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।