नवंबर माह में भिवानी जिले के चयनित गांवों और शहरों में विभिन्न सर्वेक्षण करेगा एनएसओ

 
नवंबर माह में भिवानी जिले के चयनित गांवों और शहरों में विभिन्न सर्वेक्षण करेगा एनएसओ

परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से जुटाई जाएगी जानकारी, नागरिकों से सर्वेक्षण अधिकारियों को सहयोग करने की अपील

भिवानी, 03 नवंबर।

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) का क्षेत्र संकार्य प्रभाग (एफओडी) नवंबर 2026 के दौरान भिवानी जिले में विभिन्न सर्वेक्षण करेगा। इन सर्वेक्षणों के तहत जिले के चयनित शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी। एकत्रित आंकड़ों का उपयोग राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर योजना निर्माण तथा नीतियों के निर्धारण में किया जाएगा। विभाग के अनुसार एनएसओ द्वारा जिले में प्रवासन संबंधी विवरण सर्वेक्षण के तहत शहरी क्षेत्र भिवानी तथा ग्रामीण क्षेत्र सिलावली को शामिल किया गया है। राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण के लिए शहरी क्षेत्र तोशाम और ग्रामीण क्षेत्रों में हड़ोदा खुर्द व नकीपुर का चयन किया गया है। इसी प्रकार गैर-निगमित क्षेत्र के उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण (एएसयूएसई) शहरी क्षेत्र भिवानी में किया जाएगा। आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण के तहत ग्रामीण क्षेत्र बहल और शहरी क्षेत्र भिवानी में जानकारी जुटाई जाएगी।

इसके अलावा ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण के लिए शहरी क्षेत्र बवानी खेड़ा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में गोरीपुर, रतेरा और जुई खुर्द को शामिल किया गया है। स्थिति आकलन सर्वेक्षण भी ग्रामीण क्षेत्र गोरीपुर, रतेरा और जुई खुर्द में किया जाएगा। विभाग के अनुसार एनएसओ वर्ष 1950 से परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से विभिन्न प्रकार की सांख्यिकीय सूचनाएं एकत्रित कर रहा है। इसके तहत आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, प्रवासन सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण, स्थिति आकलन सर्वेक्षण और विभिन्न व्यावसायिक सर्वेक्षण किए जाते हैं। इन सर्वेक्षणों के लिए एनएसओ के अधिकारी चयनित घरों और प्रतिष्ठानों से संपर्क करते हैं।
सर्वेक्षण के दौरान एकत्रित की जाने वाली सभी सूचनाएं पूर्णत: गोपनीय रखी जाती हैं। किसी भी परिवार या प्रतिष्ठान की पहचान रिपोर्ट अथवा प्रकाशित आंकड़ों में उजागर नहीं की जाती। इन जानकारियों का उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों तथा योजनाओं और नीतियों के निर्माण के लिए किया जाता है। एनएसओ ने जिले के नागरिकों एवं उद्यमों से अपील की है कि वे सर्वेक्षण अधिकारियों को पूरा सहयोग दें और सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए अपना बहुमूल्य समय दें।