नई अनाज मंडी जाटौली में 6 से 8 नवंबर तक रहेगा अवकाश, 9 नवंबर को खुलेगी मंडी; 10 और 11 नवंबर को फिर रहेगा अवकाश : मनोज मोकलवास

 
नई अनाज मंडी जाटौली में 6 से 8 नवंबर तक रहेगा अवकाश, 9 नवंबर को खुलेगी मंडी; 10 और 11 नवंबर को फिर रहेगा अवकाश : मनोज मोकलवास

चेयरमैन मनोज मोकलवास और सचिव विपिन यादव ने किसानों से की अपील, अवकाश के दौरान फसल लेकर मंडी न आएं

पटौदी, 05 नवंबर।

नई अनाज मंडी जाटौली में त्योहारों के मद्देनजर तथा मंडी में पहले से आई बाजरे की फसल की भराई और उठान कार्य को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के उद्देश्य से 6 नवंबर से 8 नवंबर तक अवकाश रहेगा। इसके बाद 9 नवंबर को मंडी में खरीद कार्य सामान्य रूप से शुरू होगा, जबकि 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा तथा 11 नवंबर को भैया दूज के उपलक्ष्य में पुनः अवकाश रहेगा। पटौदी मार्केट कमेटी के चेयरमैन मनोज मोकलवास ने सभी किसानों से अपील की है कि वे अवकाश के दिनों में अपनी फसल लेकर मंडी में न आएं, ताकि मंडी में व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें। चेयरमैन ने बताया कि नई अनाज मंडी जाटौली में बाजरे की खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। मंडी में किसानों की सुविधा के लिए बैठने हेतु बेंच, पीने के पानी, गेट पास जारी करने और बायोमेट्रिक सत्यापन की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है।

उन्होंने बताया कि अब तक मंडी में  2,68,466 क्विंटल बाजरे की खरीद की जा चुकी है तथा 2,45,997 क्विंटल बाजरे का उठान भी किया जा चुका है। मार्केटिंग बोर्ड के कर्मचारी किसानों की सुविधा और फसल की खरीद एवं उठान प्रक्रिया को गति देने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। मंडी में किए गए बेहतर प्रबंधों के चलते खरीद प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से चल रही है और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले किसान भी व्यवस्थाओं से संतुष्ट हैं। मार्केट कमेटी पटौदी के सचिव विपिन यादव ने बताया कि किसानों को भावांतर भरपाई योजना तथा 2,900 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के तहत देय शेष राशि नियमानुसार किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। चेयरमैन मनोज मोकलवास और मार्केट कमेटी पटौदी के सचिव विपिन यादव ने सभी किसानों एवं क्षेत्रवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।