युवाओं को नशा मुक्त भारत के निर्माण का दिया संदेश
एएमएस अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने मिनी संसद के माध्यम से नशा मुक्ति सहित विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर की चर्चा
युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान
रोहतक,
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान व उपायुक्त सतबीर सिंह के मार्गदर्शन में माय भारत रोहतक द्वारा गत 10 अक्तूबर को एएमएस अकादमी, रोहतक में पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्ति अभियान से जोड़ना तथा उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
माय भारत के जिला युवा अधिकारी परम राठी ने बताया कि कार्यक्रम विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा अभियान की भावना से प्रेरित था। इसमें युवाओं ने मिनी संसद के माध्यम से नशा मुक्ति सहित विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान विशेषज्ञों ने नशे के दुष्प्रभावों, स्वस्थ जीवनशैली के महत्व और नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
जिला युवा अधिकारी परम राठी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मिनी संसद का गठन कर नशा मुक्ति से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। इस प्रकार की गतिविधियां युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जागरूकता, संवाद कौशल और सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक होती हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना ऐसे कार्यक्रमों का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पोस्टर, भाषण, संवाद और समूह चर्चा के माध्यम से नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में सुमित कौशिक ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि इसका दुष्प्रभाव उसके परिवार और पूरे समाज पर भी पड़ता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर माय भारत रोहतक की ओर से राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक शिवम, कुणाल, अभिषेक, मोहित राणा, पवन सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
