नशा मुक्त युवा थीम पर नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट आयोजित

 
 नशा मुक्त युवा थीम पर नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट आयोजित


सिरसा, 12 अक्टूबर।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत, सिरसा द्वारा गत दिवस नेशनल महाविद्यालय सिरसा में ‘नशा मुक्त युवा’ थीम पर नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतिंद्र सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के युवा कल्याण विभाग की निदेशक प्रोफेसर डॉ. मंजू नेहरा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। हरियाणा पुलिस के सब-इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार, डॉ. अमनदीप और एसोसिएट प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह ने भी युवाओं को संबोधित किया। जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतिंद्र सिंह ने युवाओं को नशे से दूर रहने, सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व के प्रति जागरूक किया। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का वीडियो संदेश भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अधिकारियों और स्वयंसेवकों को नशा मुक्त युवा एवं विकसित भारत के निर्माण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का समन्वय जिला युवा अधिकारी धनपत सिंह ने किया। महाविद्यालय की प्राचार्या अनीता सिंह के मार्गदर्शन में आयोजन समिति और माय भारत के स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के संचालन में योगदान दिया।