शिकायतों के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को दिए निर्देश

 
शिकायतों के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को दिए निर्देश

झज्जर | डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से ऑनलाइन पोर्टल सहित समाधान शिविर के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर सहित अन्य जनसेवा को समर्पित पोर्टल पर आने वाली शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा में उसका प्रभावी निस्तारण किया जाए। डीसी शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में प्रधान सचिव पंकज यादव द्वारा ली गई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत सम्बन्धित अधिकारियों की बैठक ले रही थी।

जल्द हो निपटारा


डीसी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की पहल पर  प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी उपमंडल स्तरों पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक ही मंच उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों का दायित्व है कि वे शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।

पोर्टल पर करें अपलोड


डीसी वर्षा खांगवाल ने विभागवार प्राप्त शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायत का समाधान होने के बाद कार्रवाई रिपोर्ट बिना किसी विलंब के संबंधित पोर्टल पर अपलोड की जाए। शिकायतकर्ता की संतुष्टि को शिकायत के समाधान का महत्वपूर्ण आधार मानते हुए अधिकारी गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनी जाए। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।