घर-घर सर्वे के दौरान भी SIR नोटिस प्राप्त मतदाताओं से लिए जाएंगे आवश्यक दस्तावेज

 

एसआईआर के लंबित मामलों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी : जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी आयुष सिन्हा

6 नवंबर की अंतिम मतदाता सूची से पहले एसआईआर मामलों के निस्तारण पर प्रशासन का जोर


फरीदाबाद, 8 अक्तूबर।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत प्राप्त नोटिस एवं सुनवाई से संबंधित मामलों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों की प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए सभी पात्र मतदाताओं को पर्याप्त अवसर दिया जाए, ताकि “कोई भी योग्य मतदाता न छूटे” के उद्देश्य को पूरी तरह साकार किया जा सके।

उन्होंने बताया कि जिला फरीदाबाद में 7 अक्तूबर 2026 को आयोजित विशेष शिविर के दौरान 10,441 लंबित मामलों की सुनवाई की गई। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत कुल 6,83,750 नोटिस जनरेट किए गए हैं, जिनमें से 1,21,976 सुनवाई मामले लंबित हैं। उन्होंने बताया कि कुल लंबित मामलों का प्रतिशत 17.84 प्रतिशत है। इन मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है। आयोग के निर्देशानुसार संबंधित अधिकारियों को लंबित सुनवाई मामलों का शीघ्र निस्तारण करने, प्रभावी मॉनिटरिंग रखने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर प्रदान किया जा रहा है।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि नोटिस की सुनवाई को समय पर पूरा करने के उद्देश्य से 8 और 9 अक्तूबर 2026 को जिले के सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही घर-घर सर्वे के दौरान भी उन मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे, जिन्हें नोटिस जारी किया गया है और जिन्होंने अभी तक संबंधित दस्तावेज जमा नहीं करवाए हैं।

उन्होंने सभी ऐसे पात्र मतदाताओं से अपील की कि जिनको SIR के तहत नोटिस प्राप्त हुआ है और जिन्होंने अभी तक आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करवाए हैं, वे इन विशेष शिविरों का लाभ उठाएं और अपने दस्तावेज बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) के पास निर्धारित समय पर जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें, ताकि सभी योग्य मतदाताओं के नाम 6 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकें। जिला प्रशासन का प्रयास है कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान किसी भी योग्य मतदाता का नाम छूटने न पाए।