भीम स्टेडियम में एनसीसी कैडेट्स ने जानी अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया

 
भीम स्टेडियम में एनसीसी कैडेट्स ने जानी अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया

 भिवानी, 04 सितंबर। स्थानीय भीम स्टेडियम में दो सितंबर से भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिलों के युवाओं की अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। भर्ती प्रक्रिया के दौरान सेना अधिकारियों ने जिला से एनसीसी कैडेट्स को बुलाया और उनको अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न चरणों से अवगत कराया। इस दौरान सेना अधिकारियों ने एनसीसी कैडेट्स को अग्रिवीर की महता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कर्नल बीआर शेखावत ने जानकारी देते हुए बताया कि भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट किस प्रकार लिया जाता है तथा शारीरिक दक्षता का भर्ती प्रक्रिया में विशेष महत्व है। एनसीसी कैडेट्स को भर्ती के विभिन्न चरणों, शारीरिक परीक्षण और अनुशासन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स को अनुशासन, शारीरिक दक्षता और देश सेवा के प्रति जागरूक किया गया।
एनसीसी कैडेट्स से अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में पूरी लगन एवं अनुशासन के साथ भाग लेने का आह्वान किया। सेना अधिकारियों ने एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि सेना में भर्ती होकर देश सेवा करना गौरव की बात है। इसके लिए युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए। सेना में भर्ती होने के लिए शारीरिक अभ्यास जरूरी है, ऐसे में शिक्षण कार्य के साथ-साथ नियमित रूप से अभ्यास जरूरी है। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स से कहा कि अपनी दिनचर्या को सही बनाएं।
अग्निपथ योजना के तहत सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी ने भर्ती के लिए महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी और भिवानी जिले के सभी ऑनलाइन परीक्षा उत्तीर्ण 7,138 उम्मीदवारों का शारीरिक परीक्षण चल रही है। युवाओं को अग्निवीर बनने के लिए 1600 मीटर दौड़, इसके अतिरिक्त कम से कम 6 और अधिकतम 10 चिन-अप, 9 फीट डिच जंप और जिग-जैग बैलेंस आदि टेस्ट होता है। फिजिकल टेस्ट में पास उम्मीदवारों को अगले दिन चिकित्सा परीक्षण के लिए बुलाया जाएगा।