राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में एनसीबी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक

 
राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में एनसीबी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक

  
हिसार, 09 सितंबर।
हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो की ओर से दक्ष गुरु राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, हिसार में नशामुक्ति को लेकर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना रहा।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. जगमोहन दूहन ने ब्यूरो के अधिकारियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, यदि नशा होता अच्छा, माँ कहती खा ले मेरे बच्चा लेकिन माँ अपने बच्चे को नशा नहीं, स्वस्थ जीवन, अच्छी शिक्षा और संस्कार देना चाहती है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर और मन को खोखला करने के साथ-साथ परिवार की खुशियों, आर्थिक स्थिति, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं, इसलिए उन्हें नशे से बचाना परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। डॉ वर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न प्रकारों, उनके शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों तथा नशे से बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही नशे के आदी व्यक्तियों के उपचार एवं पुनर्वास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए केवल कानून का भय पर्याप्त नहीं है। परिवार, शिक्षण संस्थान और समाज को मिलकर जागरूकता एवं संवेदनशीलता के साथ प्रयास करने होंगे। उन्होंने नागरिकों से प्रतिबंधित नशों के विरुद्ध जागरूक नागरिक का दायित्व निभाते हुए 1933 अथवा 9050891508 पर गुप्त सूचना देकर नशामुक्ति अभियान में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर ब्यूरो हिसार इकाई प्रभारी सत्यपाल, कुलदीप, उप प्राचार्य मुकेश बंसल सहित संस्थान के शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।