गुरुग्राम, 04 सितंबर।
भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के क्षेत्र संकार्य प्रभाग द्वारा सितंबर 2026 के दौरान जिला गुरुग्राम में परिवारों, प्रतिष्ठानों एवं उद्यमों से संबंधित विभिन्न सर्वेक्षण किए जाएंगे। इन सर्वेक्षणों के माध्यम से जुटाई गई जानकारी का उपयोग राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर योजनाओं के निर्माण और नीतियों के निर्धारण के लिए किया जाता है।
सर्वेक्षण के दौरान एनएसओ के प्रशिक्षित अधिकारी ई सिग्मा सॉफ्टवेयर युक्त हैंडहेल्ड डिजिटल उपकरणों (टैबलेट) तथा निर्धारित सुरक्षित वेब पोर्टल के माध्यम से जानकारी एकत्र करेंगे। इस दौरान थोक मूल्य सूचकांक, क्रेता मूल्य सूचकांक, औद्योगिक उत्पादन सूचकांक, निगमित सेवा क्षेत्र के उद्यमों तथा कार्यशील सहकारी समितियों से संबंधित सर्वेक्षण भी किए जाएंगे। एनएसओ ने नागरिकों एवं उद्यमियों से अपील की है कि सर्वेक्षण अधिकारियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाकर सहयोग करें। एकत्रित जानकारी को पूर्णतः गोपनीय रखा जाता है और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है।
