नगर परिषद घोटाला: जांच कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक करे प्रशासन : राजकुमार शर्मा
सिरसा। प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने कागजों में गली निर्माण के मामले को लेकर जिला प्रशासन से जांच कमेटी द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग की है। शर्मा ने कहा कि जांच कमेटी यह स्वीकार कर चुकी है कि रिकॉर्ड में जितनी गलियों के निर्माण का उल्लेख किया गया है, उनमें से करीब आधी गलियों का ही धरातल पर निर्माण हुआ है, जबकि शेष गलियों के निर्माण को कागजों में दर्शाकर सरकारी धन की बड़े पैमाने पर बंदर बांट की गई है।
शर्मा ने कहा कि शहर के विकास कार्यों के लिए जारी किया गया पैसा जनता की मेहनत की कमाई से जुटाया गया सरकारी धन है। ऐसे में शहर की जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि विकास कार्यों के नाम पर जारी पैसे को किन-किन लोगों ने मिलकर डकारा है।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि जांच कमेटी की रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए, ताकि पूरे मामले की वास्तविकता जनता के सामने आ सके। राजकुमार शर्मा ने कहा कि जांच रिपोर्ट में जिन अधिकारियों, कर्मचारियों, ठेकेदारों या अन्य संबंधित लोगों की भूमिका सामने आती है, उनके नाम सार्वजनिक किए जाएं। इन लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी भ्रष्टाचार करने से पहले सौ बार सोचे। कड़ी सजा के साथ-साथ खुर्द बुर्द किए गए धन की रिकवरी भी इन लोगों से की जाए।
उन्होंने सरकार से भी मांग की कि वह आंखें मूंद कर व हाथ पर हाथ धरे ना बैठे और नगर परिषद के घोटालेबाजों पर सख्ती से शिकंजा कसे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार शर्मा ने कहा कि अगर ऐसे ही बेलगाम भ्रष्टाचार जारी रहा तो एक दिन जनता को सड़कों पर उतरने से कोई नहीं रोक सकता।
