सावन पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में पहुंचे पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल व उनके बेटे मनीष सिंगला, बच्चों को किया सम्मानित
सिरसा।
सावन पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव lअत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामयी कार्यक्रम में ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल व उनके बेटे मनीष सिंगला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. गणेशी लाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। संबोधन के दौरान पूर्व राज्यपाल ने बच्चों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस वार्षिकोत्सव में बच्चों ने विभिन्न प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। उन्होंने माँ की पूजा पर ख़ास बल दिया। मंच से उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल ने 'मातृ शक्ति' का महिमामंडन किया। उन्होंने एक बड़ा और गहरा संदेश देते हुए कहा कि माँ केवल जन्म देने वाली नहीं, बल्कि सृष्टि की सबसे बड़ी रचयिता है। विपरीत और कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी एक माँ नई सृष्टि का निर्माण करने का साहस और सामर्थ्य रखती है। इसलिए जीवन में माँ का स्थान और उसकी पूजा ही सबसे ऊपर है। परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, माँ में नई सृष्टि रचने की क्षमता होती है। इसलिए माँ की सेवा और पूजा से बढ़कर कोई धर्म नहीं। प्रो. गणेशी लाल ने मातृ शक्ति के अतुलनीय योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि माँ की आराधना ही समाज और राष्ट्र के नवनिर्माण का असली आधार है। उन्होंने स्कूल के सफल आयोजन के लिए मैनेजिंग डायरेक्टर इंदिरा खुराना, डायरेक्टर अनुराग खुराना, डायरेक्टर हर्ष खुराना और प्रिंसिपल श्रीमती अमनदीप कौर गिल को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस शुभ अवसर पर ब्रह्माकुमारी बिंदु बहन, योगेश गर्ग, श्री अग्रवाल सभा सिरसा के प्रधान जेपी गुप्ता, मनीष जिंदल, डॉ. संजीव अग्रवाल, ललित मित्तल, विक्रम बत्रा, कृष्ण गुम्बर, निज़ी सचिव हरपिंद्र शर्मा, निजी सचिव योगेश बिजारनिया सहित सिरसा शहर के अनेक गणमान्य नागरिक व अभिभावक उपस्थित रहे।
