मेगा हेल्थ कैंप में 350 से अधिक मरीजों की जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया उपचार व परामर्श
समय पर स्वास्थ्य जांच से गंभीर बीमारियों की पहचान और बचाव संभव : शमशेर खरक
- मरीजों को सीएचसी से नि:शुल्क दवाइयां मिलीं, नशामुक्ति की दिलाई शपथ
रोहतक, 5 अक्तूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं संकल्प के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाखन माजरा में मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का शुभारंभ भाजपा वरिष्ठ नेता एवं मुख्य अतिथि शमशेर सिंह खरक ने किया।
इस अवसर पर डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. डिंपल, सीएचसी लाखन माजरा के प्रभारी डॉ. रणवीर सिंह, भाजपा नेता सतबीर राठी तथा चेयरमैन कैप्टन ईश्वर शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, विशेषज्ञ चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
350 से अधिक मरीजों की हुई स्वास्थ्य जांच :-
मेगा हेल्थ कैंप में नाक-कान-गला, महिला स्वास्थ्य, बाल स्वास्थ्य एवं हड्डी रोग से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया। डॉ. प्रवीन, डॉ. शिवकुमार, डॉ. भावना, डॉ. नीना एवं डॉ. माधुरी सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनीं तथा आगे की जांच एवं उपचार के संबंध में आवश्यक सलाह दी। कैंप में 350 से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शमशेर सिंह खरक ने कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त समाज की नींव है। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके नजदीक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाना ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच और बीमारी की समय पर पहचान होने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव संभव है। उन्होंने लोगों से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में किया जागरूक
कैंप के दौरान गैर-संचारी रोगों (एनसीडी), एनीमिया, मानसिक स्वास्थ्य एवं नशामुक्ति, टीकाकरण, रक्तदान, अंग एवं ऊतक दान, आयुष्मान भारत-पीएमजेएवाई तथा आभा से संबंधित सेवाओं की जानकारी भी लोगों को दी गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया।
दांतों की देखभाल और नशामुक्ति को लेकर जागरूकता
कैंप में मौखिक स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष रूप से जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने लोगों को नियमित रूप से दांतों की सफाई करने, सही तरीके से ब्रश करने तथा समय-समय पर दंत चिकित्सक से जांच करवाने की सलाह दी। तंबाकू एवं अन्य हानिकारक पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।
इस दौरान उपस्थित लोगों को समाज में बढ़ते नशे के प्रचलन को समाप्त करने तथा स्वयं नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों से अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
जांच के साथ नि:शुल्क दवाइयां भी मिलीं
मेगा हेल्थ कैंप में स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे मरीजों को सीएचसी की ओर से आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध करवाई गईं। इससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय जांच, परामर्श एवं दवा की सुविधा मिली।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंप की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए लोगों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया। अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित पोस्टर एवं संदेश लगाए गए। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने तथा बीमारी के लक्षण नजर आने पर बिना देरी चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया।
