ज्यादा से ज्यादा पात्र नागरिक सेवा सेतु शिविरों का उठाये लाभ:- उपायुक्त सतबीर सिंह
- लोगों को घर द्वार के नजदीक उपलब्ध करवाया जा रहा है योजनाओं का लाभ
- इस्माइला 9 बी में आयोजित किया गया सेवा सेतु शिविर, 15 अक्तूबर तक शिविर होंगे आयोजित
रोहतक, 8 अक्तूबर: उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिला के नागरिकों का आह्वान किया है कि वे सेवा संकल्प अभियान के सेवा सेतु मॉड्यूल के तहत आयोजित किये जा रहे सेवा सेतु शिविरों में पहुंचकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व सेवाओं का भरपूर लाभ उठाये। जिला प्रशासन द्वारा 15 अक्तूबर तक सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
सतबीर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं संकल्प के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आगामी 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के विभिन्न विभिन्न मॉड्यूल के तहत जन कल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। सेवा सेतु मॉड्यूल के तहत आज जिला के गांव इस्माइला 9 बी स्थित चैपाल में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया, जिसमें पात्र नागरिकों का विभिन्न योजनाओं के तहत पंजीकरण किया गया। संबंधित विभागों द्वारा इन लाभार्थियों को शीघ्र संबंधित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जायेगा।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि सेवा सेतु शिविरों के आयोजन का मुख्य उद्देश्य पात्र नागरिकों को उनके घर द्वार के नजदीक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान करना है ताकि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से सशक्त हो सके। जनकल्याणकारी योजनाओं व सेवाओं से जुड़े संबंधित विभागों द्वारा इन शिविरों में स्टाॅल लगाकर यथासंभव मौके पर लाभपात्रों को लाभ भी दिया जाता है तथा इसके अलावा जनकल्याणकारी योजनाओं की पूर्ण जानकारी दी जाती है।
सतबीर सिंह ने बताया कि सेवा सेतु शिविरों के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए महम सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक मुकुंद तंवर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी मुकुंद तंवर की देखरेख में निर्धारित तिथियों पर विभिन्न गांवों एवं कार्यालयों में विशेष कार्यक्रम एवं शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से संबंधित क्षेत्र के नागरिकों को प्रशासनिक सेवाओं एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
इन स्थानों पर आयोजित होंगे सेवा सेतु शिविर:-
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि महम नगरपालिका क्षेत्र के नागरिकों के लिए 12 अक्तूबर को महम स्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी तरह महम खंड के नागरिकों के लिए 13 अक्तूबर को महम स्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय, 14 अक्तूबर को गांव मोखरा स्थित चौपाल (पाना खांडयान) तथा 15 अक्तूबर को गांव-फरमाणा स्थित ब्राह्मण धर्मशाला में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया जाएगा। ज्यादा से ज्यादा पात्र व्यक्ति इन शिविरों में पहुंचकर पात्रता अनुसार लाभ उठाये।
