सिरसा में सफाई कर्मचारियों के समर्थन में मोहित शर्मा की हुंकार, सरकार से दमन बंद करने की अपील
सिरसा। प्रदेश युवा कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहित शर्मा ने नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन दिया। धरने को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की सफाई व्यवस्था की रीढ़ हैं। कड़ाके की सर्दी, गर्मी और बारिश की परवाह किए बिना सफाई कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए शहरवासियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध करवाते हैं, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब इन्हीं कर्मचारियों के हक और अधिकार देने की बात आती है तो सरकार अपना मुंह मोड़ लेती है।
मोहित शर्मा ने कहा कि सफाई कर्मचारी कई दिनों से अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने की बजाय उन्हें दबाने का प्रयास कर रही है। कर्मचारियों के साथ दमनात्मक रवैया अपनाया जा रहा है और उनके साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को अपनी हठधर्मिता छोड़कर कर्मचारियों से बातचीत करनी चाहिए और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करना चाहिए। युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार एक तरफ हर वर्ग के हित में काम करने के दावे करती है, जबकि दूसरी ओर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे सफाई कर्मचारियों की अनदेखी की जा रही है। यह सरकार की कथनी और करनी के अंतर को दर्शाता है।
मोहित शर्मा ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी सफाई कर्मचारियों के संघर्ष में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि कर्मचारियों की आवाज को दबाने की बजाय उनकी जायज मांगों को स्वीकार किया जाए। सरकार अविलंब सफाई कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी मांगें पूरी करे, ताकि कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने और अपने परिवार का पालन-पोषण करने में परेशानी न हो। इस मौके पर प्रदीप सैनी,प्रो रणवीर हुड्डा, राजकुमार चंदा,साहब राम जांगड़ा,रवि शर्मा आदि मौजूद रहे।
