किसानों को घर-द्वार पर उपलब्ध करवाई जाएगी फसल बीमा पॉलिसी, ग्राम पंचायत स्तर पर लगेंगी फसल बीमा पाठशालाएं
भिवानी, 06 नवंबर
डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा मेरी पॉलिसी-मेरे हाथ’ अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को फसल बीमा के प्रति जागरूक करने, योजना में पारदर्शिता बढ़ाने तथा बीमित किसानों को उनकी पॉलिसी की जानकारी उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खरीफ 2026 सीजन के लिए ‘मेरी पॉलिसी-मेरे हाथ’ अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 15 अक्टूबर से शुरू हो चुका है और 15 नवंबर तक जारी रहेगा। गांव लीलस, बड़सी, जमालपुर, रतेरा, नकीपुर सहित अन्य कई गांवों में बीमा पाठशालाओं का आयोजन किया जा चुका है।
डीसी साहिल गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों और बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। अभियान के दौरान किसानों को फसल बीमा योजना से संबंधित जागरूकता सामग्री भी उपलब्ध करवाई जा रही है। इसमें क्षेत्रीय भाषा में पॉलिसी की प्रति, योजना से जुड़े अक्सर पूछे जाने वाले सवालों की पुस्तिका, ‘फसल बीमा की बात-कृषि रक्षक के साथ’ कॉमिक बुक तथा व्हाट्सएप चैटबॉट और क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के उपयोग संबंधी जानकारी शामिल है। इससे किसानों को बीमा योजना की शर्तों, लाभों और आवश्यक प्रक्रियाओं को समझने में मदद मिलेगी।
कृषि उप निदेशक डॉ. राजेश सिहाग ने बताया कि विभाग द्वारा अभियान के तहत किसानों को फसल बीमा पॉलिसी की हार्ड कॉपी उनके घर-द्वार पर उपलब्ध करवाई जा रही है, ताकि किसान अपने बीमा संबंधी दस्तावेज सुरक्षित रख सकें और आवश्यकता पड़ने पर क्लेम प्रक्रिया में उनका उपयोग कर सकें। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2026 में जिला भिवानी के कुल 59,132 किसानों ने 81.47 हजार हेक्टेयर भूमि का बीमा करवाया है।
ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होंगी फसल बीमा पाठशालाएं
डीसी ने बताया कि अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष रूप से ‘फसल बीमा पाठशाला’ का आयोजन किया जा रहा है। जिला भिवानी के गांव लीलस, बड़सी, जमालपुर, रतेरा, नकिपुर सहित कई गांवों में अब तक इन पाठशालाओं का आयोजन किया जा चुका है।
इन पाठशालाओं के माध्यम से किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभ, फसल बीमा के लिए नामांकन प्रक्रिया, बीमा संबंधी आवश्यक दस्तावेजों तथा फसल नुकसान की स्थिति में क्लेम प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। साथ ही प्राकृतिक आपदाओं, कृषि संबंधी जोखिमों और अल-नीनो जैसी मौसमी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए किसानों को फसल सुरक्षा एवं बीमा के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
