सिरसा,
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान को लेकर मंगलवार को सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं तहसीलदार रानियां शुभम शर्मा की अध्यक्षता में रानियां विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक का आयोजन किया गया।
तहसीलदार रानियां शुभम शर्मा ने बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूचियों में संशोधन, दावे एवं आपत्तियों के निपटान तथा आगामी कार्यों की समय-सारणी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर 2026 तक प्राप्त हुए फॉर्मों का नियमानुसार निपटान 20 नवंबर तक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत तथा दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं को चिन्हित किया गया है। इनसे संबंधित मामलों का भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निपटान किया जा रहा है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करना सुनिश्चित करें। जिन राजनीतिक दलों ने अभी तक बीएलए नियुक्त नहीं किए हैं, वे अपने प्रतिनिधियों की नियुक्ति कर फॉर्म नंबर-1 एवं 2 के माध्यम से सूची जिला निर्वाचन कार्यालय, सिरसा को भिजवाएं, ताकि उनके सहयोग से त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।
