जिला एचआईवी/एड्स टास्क फोर्स के गठन को लेकर बैठक आयोजित, विभिन्न विभागों की भूमिका पर हुई चर्चा

 
 जिला एचआईवी/एड्स टास्क फोर्स के गठन को लेकर बैठक आयोजित, विभिन्न विभागों की भूमिका पर हुई चर्चा


19 अक्तूबर को दोबारा आयोजित होगी बैठक, अनुपस्थित विभागों को उपस्थित रहने के निर्देश
रोहतक, 12 अक्तूबर। जिला रोहतक में एचआईवी/एड्स की रोकथाम एवं नियंत्रण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला एचआईवी/एड्स टास्क फोर्स के गठन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने की। बैठक में जिले में एचआईवी/एड्स की वर्तमान स्थिति की जानकारी देने के साथ-साथ इसकी रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए विभिन्न सरकारी विभागों, गैर-सरकारी संस्थानों तथा शिक्षण संस्थानों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।


अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि एचआईवी/एड्स की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि टास्क फोर्स में शामिल सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से समझें और निर्धारित दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विभागों को भी जिला एचआईवी/एड्स टास्क फोर्स में शामिल करने का निर्णय लिया गया, ताकि इस दिशा में विभिन्न विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके और उनके सहयोग से जागरूकता एवं रोकथाम संबंधी गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।


नरेंद्र कुमार ने निर्देश दिए कि बैठक में अनुपस्थित रहे विभागों के अधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आगामी 19 अक्तूबर को दोबारा बैठक आयोजित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों से अपेक्षित कार्यों एवं जिम्मेदारियों का विस्तृत ब्योरा तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, ताकि सभी विभागों की भूमिका स्पष्ट करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा सकें।
बैठक में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा, जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. जसवंत प्रीत, जींद से आए क्लस्टर प्रोग्राम मैनेजर मनोज सांगवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा सभी वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।