- पुरुषों के लिए परिवार नियोजन का एनएसवी सुरक्षित व प्रभावी तरीका
सिरसा, 15 सितंबर।
सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि दंपत्तियों में प्रजनन स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए पुरुषों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रजनन स्वास्थ्य के दृष्टिगत पुरुष नसबंदी बहुत ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह एक मामूली शल्य प्रक्रिया है और महिला नसबंदी की तुलना में अपेक्षाकृत अधिक सुरक्षित है। पुरुष नसबंदी के लिए न्यूनतम संसाधनों एवं बुनियादी ढांचे की आवश्यकता होती है।
उप-सिविल सर्जन डॉ. भारत भूषण मित्तल ने बताया कि स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार, पुरुष सहभागिता से ही होगा। उन्होंने बताया कि पुरुष नसबंदी में न तो चीरा लगता है, न टांका लगता है और न ही पुरुष की पौरुष क्षमता में कमी या कमजोरी होती है। यह सरल ऑपरेशन, दक्ष सर्जन के द्वारा मात्र 20 मिनट में कर दिया जाता है। ऑपरेशन के दो दिनों के बाद से लाभार्थी सामान्य कार्य एवं सात दिनों के बाद भारी काम कर सकते है।
जिला काउंसिल कमल कक्कड़ ने नसबंदी करवाने पर पुरुष लाभार्थी को 2000 रुपये मिलते है। पुरुषों में परिवार नियोजन को अपनाने को लेकर अभियान चलाया जाएगा। नागरिक अस्पताल के कमरा नंबर 21 मे प्रजनन स्वास्थ्य को देखते हुए पुरुष नसबंदी के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारियां देंगी व नसबंदी करवाने वाले पुरुष कमरा नंबर 21 में संपर्क कर सकते हैं। पुरुषों के लिए परिवार नियोजन का एनएसवी (नो-स्केलपेल वेसिक्टोमी) एक सुरक्षित और प्रभावी तरीका है।
