पांच श्रेणियों में उत्कृष्ट संस्थानों को किया जाएगा सम्मानित
हिसार,
हरियाणा सरकार की ओर से महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक कार्यस्थल उपलब्ध करवाने वाले संस्थानों को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू की गई महिला समर्थ संस्थान पुरस्कार योजना के तहत आवेदन करने की तिथि बढ़ा दी गई है। अब पात्र संस्थान 20 नवंबर 2026 तक इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग, हरियाणा की इस योजना का उद्देश्य ऐसे संस्थानों को सम्मानित करना है, जो महिलाओं के लिए बेहतर कार्य वातावरण तैयार करने के साथ-साथ उनके अधिकारों, सुरक्षा और समान अवसरों को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत कुल 25 पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके लिए सरकारी संस्थान, निजी एवं औद्योगिक क्षेत्र, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, शिक्षा क्षेत्र तथा गैर-सरकारी एवं सेवा क्षेत्र सहित पांच श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। प्रत्येक श्रेणी में पांच संस्थानों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उपायुक्त ने बताया कि पुरस्कार के लिए संस्थानों का चयन विभिन्न निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा। इसमें कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान, कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न अधिनियम-2013 का पालन, महिलाओं की नियुक्ति एवं नेतृत्व में भागीदारी, बच्चों की देखभाल की सुविधाएं, लचीली कार्य व्यवस्था तथा शिकायतों के समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था जैसे बिंदुओं का मूल्यांकन किया जाएगा।
उन्होंने जिले के सभी पात्र सरकारी एवं निजी संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों, कंपनियों, शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों तथा महिलाओं को रोजगार देने वाले गैर-सरकारी संगठनों से इस योजना में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि संस्थानों को महिलाओं के अनुकूल कार्यस्थल बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को इस पुरस्कार के माध्यम से पहचान मिलेगी और अन्य संस्थान भी इससे प्रेरित होंगे। उपायुक्त ने बताया कि इच्छुक संस्थान महिला एवं बाल विकास विभाग, हरियाणा के ऑनलाइन पोर्टल https://onlinemis.wcdhry.gov.in/mssa/ पर जाकर 20 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, मूल्यांकन के मानदंड और अन्य दिशा-निर्देश भी इसी पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
