देश के आर्थिक व सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई माहेश्वरी समाज ने: गीता भारती
माहेश्वरी भवन में धूमधाम से मनाया गया दिवाली परिवार मिलन समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
सिरसा।
रानियां रोड स्थित माहेश्वरी भवन में रविवार शाम माहेश्वरी समाज की ओर से दिवाली परिवार मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में समाज के लोगों ने बड़े उत्साह और उमंग के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया। ट्रस्ट के प्रवक्ता राम माहेश्वरी ने बताया कि कार्यक्रम में हिसार मंडल आयुक्त गीता भारती ने मुख्य अतिथि व हरियाणा पंजाब हिमाचल जम्मू कश्मीर प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के वरिष्ठ उप प्रधान आनंद बियानी ने समारोह की अध्यक्षता की। समारोह का माहौल दीपावली की खुशियों, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता के रंगों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में पहुंचने पर माहेश्वरी चैरिटी ट्रस्ट के अध्यक्ष अजय राठी, पूर्व अध्यक्ष कमलेश पप्पू राठी, सचिव संजय बागड़ी समाज के वरिष्ठ सदस्य ललित मोहन शारदा, डॉक्टर गौरी शंकर सोमानी, महेश राठी, बजरंग सारदा, पुरुषोत्तम मंत्री, अश्विनी राठी, राजकुमार मुंदडा, प्रमोद बियानी, सुनील बियानी, हरीश बियानी, महेश सारदा, ट्रस्ट के उप प्रधान वरिष्ठ उप प्रधान शिवकुमार मंत्री, उप प्रधान पदम बियानी, त्रिलोक राठी, कोषाध्यक्ष मुकेश मंत्री, सह कोषाध्यक्ष निर्मल बागड़ी, संगठन मंत्री गौरी शंकर राठी, सह सचिव राजीव चांडक एवं प्रवीण चांडक, पवन लखोटिया, हरियाणा पंजाब हिमाचल जम्मू कश्मीर के युवा संगठन मंत्री रूपेश मरदा तथा महिला मंच की उप प्रधान अमिता मंत्री, सुमन बियानी, आशा राठी प्रियंका शारदा आदि पदाधिकारी व समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने मुख्य अतिथि गीता भारती का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
मुख्य अतिथि गीता भारती ने अपने संबोधन में माहेश्वरी समाज की सराहना करते हुए कहा कि पुरुषों के साथ-साथ महिला वर्ग का भी समाज की तरक्की में विशेष योगदान रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार से कार्यक्रम के अध्यक्ष आनंद बियानी ने बताया कि इस सत्र में पूरे देश में 100 IAS बनाने का लक्ष्य है, उसमें मैं समाज की बेटियों से आग्रह करती हूं कि 80% योगदान उनका रहना चाहिए। गीता भारती ने कहा कि माहेश्वरी समाज शुरू से ही मेहनती, कर्मठ और उद्यमशील समाज रहा है। समाज ने अपनी मेहनत, लगन और दूरदर्शिता के बल पर देश के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
व्यापार, उद्योग, शिक्षा, सेवा और परोपकार के क्षेत्र में माहेश्वरी समाज का योगदान उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक पहचान उसकी एकता, संस्कारों और सेवा भावना से होती है। माहेश्वरी समाज ने इन मूल्यों को हमेशा प्राथमिकता दी है। समाज के लोग न केवल अपने परिवार और व्यवसाय की उन्नति के लिए प्रयासरत रहते हैं, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक उत्थान के कार्यों में भी आगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवार मिलन समारोह समाज की नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत से जोड़ने का अच्छा माध्यम हैं। बच्चों और युवाओं को शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों से आपसी सहयोग और एकजुटता के साथ सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रादेशिक सभा के वरिष्ठ उप प्रधान आनंद बियानी ने माहेश्वरी समाज के अतीत, वर्तमान और भविष्य की योजनाओं एवं संकल्पों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि माहेश्वरी समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। समाज ने सदैव मेहनत, ईमानदारी, अनुशासन, व्यापारिक कौशल और परोपकार की भावना को अपने जीवन का आधार बनाया है। समाज के पूर्वजों ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने परिश्रम और दूरदर्शिता से न केवल अपनी पहचान बनाई, बल्कि देश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में भी अहम योगदान दिया।
आनंद बियानी ने कहा कि माहेश्वरी समाज की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि समाज अपनी परंपराओं और संस्कारों को संजोकर रखते हुए समय के साथ आगे बढ़ने में विश्वास करता है। वर्तमान समय में समाज की ओर से अनेक सामाजिक एवं जनकल्याणकारी प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। इनका मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग का उत्थान करना और जरूरतमंद परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि समाज के मेधावी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली बच्चे की शिक्षा में बाधा न बने। इसके अलावा जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहयोग देने, युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाने और आवश्यकता पड़ने पर ऋण सुविधा उपलब्ध करवाने जैसे महत्वपूर्ण प्रयास भी किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है। इसी सोच के साथ माहेश्वरी समाज बच्चों और युवाओं की शिक्षा, उच्च शिक्षा तथा उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दे रहा है। समाज का प्रयास है कि नई पीढ़ी आधुनिक शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और व्यावसायिक कौशल से परिपूर्ण हो तथा जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान स्थापित करे। उन्होंने कहा कि समाज का भविष्य उसकी युवा पीढ़ी पर निर्भर करता है। इसलिए आने वाले समय में शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सहयोग और युवाओं के मार्गदर्शन से जुड़े प्रकल्पों को और अधिक विस्तार दिया जाएगा। समाज की भावी योजनाओं का उद्देश्य नई पीढ़ी को अधिक शिक्षित, संस्कारवान और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने सभी समाज बंधुओं से इन योजनाओं में सहयोग देने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान समाज के बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ग्रुप डांस, एकल नृत्य, नाटक और लघु नाटिका सहित अनेक आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक संदेशों के साथ-साथ मनोरंजन का भी सुंदर समावेश किया। बच्चों और युवाओं की प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहेश्वरी समाज के परिवारों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि गीता भारती ने सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह का समापन आपसी मेल-मिलाप, शुभकामनाओं और रात्रि भोज के साथ हुआ। इस आयोजन ने समाज के लोगों को एक मंच पर एकत्रित कर आपसी भाईचारे, एकता और पारिवारिक संबंधों को और मजबूत करने का संदेश दिया।
