श्रीमत सिटी सेंटर के पार्क में महात्मा बुद्ध योग संस्था ने किया हवन, विश्व शांति की कामना
सिरसा।
विजयदशमी के पावन पर्व पर श्रीमत सिटी सेंटर के पार्क में महात्मा बुद्ध योग संस्था की ओर से विश्व शांति के लिए एक विशेष हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य योग साधकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और आहुति डालकर लोक कल्याण की कामना की। हवन के उपरांत संस्था के संस्थापक नरेंद्र योगी ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि विजयदशमी का पर्व हमें यह संदेश देता है कि हमेशा धर्म की जीत और अधर्म का नाश होता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि जीवन में तमाम परिस्थितियों के बावजूद हमें सदा सच्चाई का साथ देना चाहिए, क्योंकि सत्य की ही अंततः विजय होती है। कार्यक्रम का मुख्य हवन-यज्ञ श्री रविंद्र आर्य शास्त्री द्वारा विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया गया। सभी साधकों ने अनुष्ठान में पूर्ण निष्ठा के साथ आहुतियां डालीं और देश-दुनिया में अमन-चैन व विश्व शांति की प्रार्थना की। इस अवसर पर जोगिंदर नागपाल (प्रधान, देवीलाल गौशाला), अनिल वधवा, राजू शर्मा, अनिल शर्मा, राजेश शर्मा, चंद्र मोहन, सरिता सोनी, श्वेता, बबीता, आशा, मोनिका, दीपक, कपिल मेहता, सचिन, आजाद, इंदु और समीर सहित अनेक योग साधक व शहरवासी मौजूद रहे।
