शिक्षक दिवस पर गुरु के चरणों में पहुंचे मंत्री रणबीर गंगवा, शिक्षिका कृष्णा शर्मा का लिया आशीर्वाद
शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने अपने जीवन में शिक्षा और संस्कारों की नींव रखने वाली शिक्षिका कृष्णा शर्मा के सेक्टर-16 स्थित निवास पर पहुंचकर उनका चरण वंदन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। कृष्णा शर्मा आर्य समाज स्कूल में मंत्री रणबीर गंगवा की शिक्षिका रही हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि गुरु केवल अक्षर ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन जीने की सही दिशा, संस्कार और आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं। बचपन में जिन गुरुजनों से शिक्षा और जीवन के महत्वपूर्ण संस्कार प्राप्त हुए, आज शिक्षक दिवस पर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि जीवन में मिली प्रत्येक उपलब्धि के पीछे माता-पिता के संस्कारों के साथ-साथ गुरुजनों के मार्गदर्शन, मेहनत और आशीर्वाद का अमूल्य योगदान रहा है। गुरु का स्थान जीवन में सदैव सर्वोच्च रहता है और उनके द्वारा दिए गए संस्कार व्यक्ति को जीवनभर सही राह दिखाते हैं।
उन्होंने ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी आगे चलकर देश और समाज की प्रगति में अपना योगदान देते हैं। उन्होंने सभी गुरुजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरुओं का स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने प्रदेश और देश के समस्त शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की।
