23 अक्टूबर को होगा भव्य दीवाली-करवा चौथ महोत्सव, महिलाओं के हुनर को मिलेगा मंच
हिसार। अखिल भारतीय अग्रवाल महिला सम्मेलन, जिला इकाई हिसार की कार्यकारिणी बैठक स्थानीय सैनी स्वीट्स में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान एकता गर्ग तथा जिला महामंत्री प्रेम अग्रवाल ने की। इसमें संगठन की जिला टीम के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में आगामी 23 अक्टूबर को आयोजित होने वाले ‘दीवाली एवं करवा चौथ स्पेशल भव्य महोत्सव’ की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को आकर्षक एवं यादगार बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया। मेले में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं, महिलाओं के लिए लगाए जाने वाले आकर्षक स्टॉल, सुरक्षा व्यवस्था तथा आगंतुकों के लिए पुरस्कार एवं उपहार वितरण की रूपरेखा पर चर्चा हुई। जिला प्रधान एकता गर्ग ने कहा कि 23 अक्टूबर का आयोजन महिलाओं के लिए विशेष रहेगा। महोत्सव के माध्यम से महिलाओं को अपनी प्रतिभा एवं हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा तथा सभी मिलकर दीवाली और करवा चौथ की खुशियां साझा करेंगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए टीम द्वारा पूरी मेहनत की जा रही है। जिला महामंत्री प्रेम अग्रवाल ने आयोजन की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं और सभी से आपसी सहयोग के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक के समापन पर संगठन की सक्रिय सदस्या कविता मित्तल का जन्मदिन भी पूरी टीम ने हर्षोल्लास के साथ मनाया। केक काटकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं और सभी सदस्यों ने खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर जिला इकाई के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।
