Jhajjar News: पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी : हरविंदर कल्याण

 ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत छुड़ानी में 1008 पौधे लगाने का लक्ष्य, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने पौधारोपण कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ
 
Jhajjar News: पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी : हरविंदर कल्याण

 





संत गरीबदास धाम में फाउंडेशन की प्रथम संरक्षक एवं ब्रह्मलीन पूज्य माता ओमवती के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित


झज्जर, 09 अगस्त।
 ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत संत गरीबदास फाउंडेशन की ओर से रविवार को गांव छुड़ानी स्थित संत गरीबदास धाम के  मैन चौक पर विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। फाउंडेशन की प्रथम संरक्षक एवं ब्रह्मलीन पूज्य माता ओमवती के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में 1008 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने पौधारोपण कर किया। इस बीच गांव में  हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत तिरंगा यात्रा भी निकली गई।   फाउंडेशन के अध्यक्ष आनंद सागर ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर श्री महंत दया सागर का सानिध्य रहा।


पेड़-पौधे प्रकृति  संतुलन को बनाए रखने में सहायक : स्पीकर
इस अवसर पर मुख्य अतिथि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कहा कि पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना हम सभी की जिम्मेदारी है। पेड़-पौधे प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत 17 अगस्त तक देश भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में आमजन की भागीदारी बेहद जरूरी है।


पौधा लगाने के साथ  नियमित देखभाल करने का संकल्प लें नागरिक
मुख्य अतिथि हरविंदर कल्याण ने आमजन से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति प्रकृति संरक्षण के इस अभियान से जुड़े और कम से कम एक पौधा लगाने के साथ उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधे तभी अभियान की वास्तविक सफलता बनेंगे, जब उनकी देखभाल भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने गांव छुड़ानीवासियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम से जुड़ें और  पौधारोपण के लक्ष्य को पूरा करने में सहयोग दें।


पौधारोपण अभियान में बढ़ चढ़ कर भाग लें नागरिक : राजेश जून
बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून ने कहा कि पौधारोपण कार्यक्रम सरकार की सराहनीय पहल है। प्रत्येक व्यक्ति ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को इसमें भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान को उत्सव की तरह मनाते हुए परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत हो।


फाउंडेशन के अध्यक्ष आनंद सागर ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया और लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।


यह गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर  बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून,  रत्न सागर, विनोद सरपंच छुड़ानी, दुल्हेड़ा सरपंच मोनू, कबलाना सरपंच उषा, बादली सरपंच आनंद, रेवाड़ी खेड़ा सरपंच रणवीर, संत सुरेहती,बुपनिया सरपंच आजाद, अध्यक्ष ब्लॉक समिति झज्जर जगदीप सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।