Jhajjar News: हर घर तिरंगा व वंदे मातरम अभियान का हुआ झज्जर में भव्य आगाज, डीसी वर्षा खांगवाल ने महाअभियान का किया शुभारंभ
झज्जर, 9 अगस्त
हर घर तिरंगा व वंदे मातरम अभियान का रविवार से झज्जर में भव्य तरीके से शुभारंभ हुआ। जिला प्रशासन की ओर से सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के माध्यम से तैयार वीडियो वैन देश के नाम सन्देश...थीम के साथ जिला के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लिए रवाना की गई। डीसी वर्षा खांगवाल ने स्वयं वैन पर अपना देश के नाम संदेश लिखकर वैन को हरी झंडी दिखाई। साथ ही लघु सचिवालय परिसर में हर घर तिरंगा व वंदेमातरम थीम आधारित सेल्फी पॉइंट का रिबन खोलकर उद्घाटन किया।
देश भक्ति की भावना से सराबोर कार्यक्रम में जिला प्रशासन के साथ पूर्व सैनिक भी काफी संख्या में पहुंचे और देश के नाम अपना संदेश दिया।
रविवार से राष्ट्र स्तर पर शुरू हुए अभियान के दौरान डीसी वर्षा खांगवाल ने जिलावासियों से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने और इसे जन आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।
डीसी ने कहा कि हर घर तिरंगा व वन्दे मातरम अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और जनभागीदारी का महाअभियान है। आगामी 17 अगस्त तक जिलाभर में राष्ट्रभक्ति का वातावरण बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि झज्जर सैनिक बाहुल्य क्षेत्र है यहां के असंख्य सैनिक देश सेवा में लगे हुए हैं। झज्जर जिला हरियाणा का एकमात्र जिला है जहां हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रचार वाहन देश के नाम सन्देश के साथ जिला के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुँच कर नागरिकों को अभियान के प्रति जागरूक करेगा।
प्रत्येक नागरिक अपने प्रतिष्ठान पर पूरे सम्मान से फहराएं तिरंगा
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर, कार्यालय और प्रतिष्ठान पर राष्ट्रीय ध्वज पूरे सम्मान के साथ फहराकर इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि अभियान की जागरूकता वैन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक करेगी और नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि गांव हो या शहर, जिले के अधिक से अधिक परिवार इस अभियान से जुड़ें और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराएं।
तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक : डीसी
डीसी वर्षा खांगवाल कहा कि ने हर घर तिरंगा अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, शिक्षण संस्थानों तथा आमजन की व्यापक भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग और संगठन आपसी समन्वय के साथ अभियान की गतिविधियों को आगे बढ़ाएं और लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा ध्वज संहिता के प्रति भी जागरूक करें।
उन्होंने झज्जर जिलावासियों से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ें। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है और इसके सम्मान की जिम्मेदारी हम सभी की है।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर इंडियन वेटर्न संगठन के जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर सुरेंद्र यादव,पैट्रन राजकिशन हारित, महासचिव भूप सिंह, वेटर्न हजारी लाल,कृष्ण कुमार, धर्मवीर सिंह, प्रकाश, राय सिंह, पंकज, लक्ष्मण सिंह, महेंद्र सिंह के अलावा जिला प्रशासन की ओर से एडीसी जगनिवास, सीईओ जिला परिषद मनीष फोगाट, सीटीएम रितु, डीईओ रतिंद्र सिंह, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, जीएम रोडवेज अनित यादव, डीएसओ सतेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
--------------------
