-डीसी वर्षा खांगवाल ने जिला स्तरीय समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को समयबद्ध निपटान के दिए निर्देश
-शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को आपसी समन्वय से पूरा करें अधिकारी : डीसी
झज्जर, 20 अगस्त। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की पहल पर आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों की कड़ी में गुरुवार को झज्जर स्थित लघु सचिवालय सभागार में जिला स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। डीसी वर्षा खांगवाल ने शिविर की अध्यक्षता करते हुए आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
हर शिकायत का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उसका समयबद्ध, पारदर्शी एवं संतोषजनक निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान का उद्देश्य केवल औपचारिकता पूरी करना नहीं, बल्कि नागरिक को वास्तविक राहत पहुंचाना होना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निपटारे के दौरान संबंधित नागरिक से निरंतर संवाद बनाए रखें और यह सुनिश्चित करें कि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट है। लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए उनके निपटारे में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
सरकार की घोषणाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें
डीसी ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न योजनाओं के तहत चल रहे विकास कार्यों को आपसी समन्वय के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विभाग एक-दूसरे के साथ बेहतर तालमेल रखते हुए कार्य करें, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और आमजन को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा की गई घोषणाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू किया जाए। अधिकारियों का दायित्व है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं घोषणाओं का सीधा लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे।
बहादुरगढ़, बेरी और बादली में भी सुनी गईं आमजन की समस्याएं
गुरुवार को जिला मुख्यालय के अतिरिक्त बहादुरगढ़ में एसडीएम अभिनव सिवाच, बादली में एसडीएम विशाल कुमार तथा बेरी में एसडीएम रेणुका नांदल ने भी समाधान शिविरों में आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यह अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, सीटीएम ऋतु, एसीपी प्रदीप नैन, डीडीपीओ निशा तंवर, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन चुन्नी लाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
