सिरसा,
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे खंड स्तरीय शिविरों की श्रृंखला में बुधवार को जिला के गांव जमाल में सेवा सेतु अभियान जन कल्याण कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र परिवारों को दी गई तथा योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पात्र नागरिकों का पंजीकरण भी किया गया। पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा निताशा सिहाग व जिला महामंत्री हनुमान कुंडु शिविर में पहुंचे और शिविर में दी जा रही सुविधाओं और योजनाओं बारे जानकारी ली।
कार्यकारी जिला समाज कल्याण अधिकारी सुमित्रा ने बताया कि शिविर का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने पात्र परिवारों से आह्वान किया कि वे सेवा सेतु अभियान के तहत लगाए जा रहे खंड स्तरीय शिविरों में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं। शिविर में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने नागरिकों को योजनाओं के लिए निर्धारित पात्रता, आवश्यक दस्तावेज तथा आवेदन एवं पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में अवगत कराया। पात्र लाभार्थियों के मौके पर ही पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। शिविर में पशुपालन, स्वास्थ्य, उद्यान विभाग, समाज कल्याण विभाग, बिजली निगम, महिला एवं बाल विकास विभाग, आयुष विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शिविर में पहुंचने वाले नागरिकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
